Ashok Gehlot Jodhpur Water Issue: राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जोधपुर की पेयजल व्यवस्था को लेकर भजनलाल सरकार पर तीखा हमला बोला। रविवार को सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने एक प्लास्टिक की बोतल में भरा काला पानी दिखाते हुए दावा किया कि जोधपुर के उदय मंदिर आसान क्षेत्र में लोगों को ऐसा पानी सप्लाई किया जा रहा है। उन्होंने जिला प्रशासन से मामले की जांच कराने की मांग की।

काला पानी दिखाकर उठाए सवाल
अशोक गहलोत ने कहा कि उन्हें खुद विश्वास नहीं हुआ कि जनता को इस तरह का पानी पीने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशासन को इसकी जांच करनी चाहिए कि आखिर पेयजल की गुणवत्ता इतनी खराब क्यों है।
महीने में सिर्फ 9 से 10 दिन मिल रहा पानी
पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि जोधपुर में जलापूर्ति की स्थिति बेहद खराब है। उनके अनुसार, शहर में एक महीने में केवल 9 से 10 दिन ही पानी की आपूर्ति हो रही है, जबकि सरकार के मंत्री अलग तरह के दावे कर रहे हैं।
कांग्रेस की सरकार बनने का दावा
गहलोत ने कहा कि प्रदेश में जहां भी वे जा रहे हैं, लोगों से एक ही बात सुनने को मिल रही है कि यदि आज चुनाव हो जाएं तो कांग्रेस की सरकार बन जाएगी। उन्होंने दावा किया कि लोकतंत्र के हित में राजस्थान में कांग्रेस की सरकार बनना जरूरी है।
जादूगर वाले बयान पर सीएम को दिया जवाब
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा उन्हें जादूगर और हेराफेरी से जोड़ने वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए गहलोत ने कहा कि यह सरकार खुद हेराफेरी से चल रही है। उन्होंने कहा कि जादूगरी एक प्राचीन और सम्मानित कला है, जिसका इतिहास बहुत पुराना है। उन्होंने कहा कि लोग उन्हें प्यार से जादूगर कहते हैं और मुख्यमंत्री को इस कला का इतिहास शायद पता नहीं है।
दुर्घटना बीमा क्लेम रोकने का आरोप
गहलोत ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार का वित्तीय प्रबंधन कमजोर हो गया है। उन्होंने कहा कि जन आधार कार्ड से जुड़ी दुर्घटना बीमा योजना के तहत मिलने वाले करीब 2,500 बीमा क्लेम लंबित पड़े हैं। उनका आरोप है कि सरकार के पास भुगतान के लिए धन नहीं है, इसलिए जांच के नाम पर क्लेम रोके जा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि करीब 500 मामलों को दोबारा जांच के लिए भेजा गया है।
डोटासरा का किया बचाव
राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा का बचाव करते हुए गहलोत ने कहा कि शिक्षा विभाग में ट्रांसफर-पोस्टिंग को लेकर भ्रष्टाचार की शिकायतें पहले से आती रही हैं, लेकिन आज तक किसी ने यह नहीं कहा कि डोटासरा ने व्यक्तिगत रूप से किसी से पैसे लिए हों। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष उनके खिलाफ झूठे आरोप लगा रहा है।
पढ़ें ये खबरें
- Israel Government Formation: कौन बनेगा इजराइल का अगला प्रधानमंत्री? रविवार को राष्ट्रपति हर्जोग करेंगे ऐलान
- मोतिहारी में कोचिंग जा रही छात्रा को ट्रक ने कुचला, मौके पर मौत, ग्रामीणों का हंगामा और सड़क जाम
- चावड़ी बाजार हादसा: FIR में खुलासा, मजदूरों ने जताई थी अनहोनी की आशंका, ठेकेदार की लापरवाही से ढहा ढांचा
- Nora Fatehi Statement: ₹200 करोड़ वसूली केस में नोरा फतेही की गवाही, कोर्ट में बताया कैसे सुकेश चंद्रशेखर ने गिफ्ट की थी कार
- तय जगह के बाहर लगाई दुकान तो सील, 41 से ज्यादा एफआईआर के साथ जब्त हुए भारी मात्रा में पटाखे

