अजय सैनी | भिवानी। हरियाणा में भाजपा सरकार के दो साल के कार्यकाल को लेकर कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। भिवानी के जैन चौक स्थित तिलक भवन में बुधवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर ने नायब सैनी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने दो लाख सरकारी नौकरियों, लाडो लक्ष्मी योजना, किसानों की फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) और बुनियादी सुविधाओं के मुद्दे पर सरकार से जवाब मांगा। उन्होंने मांग की कि यदि सरकार ने दो साल में प्रदेश में विकास कार्य किए हैं, तो उनका श्वेत पत्र जारी कर जनता के सामने पूरा हिसाब रखे।

दो लाख सरकारी नौकरियों के वादे पर उठाए सवाल

डॉ. अशोक तंवर ने भाजपा के वर्ष 2024 के चुनावी संकल्प पत्र का हवाला देते हुए कहा कि युवाओं को दो लाख पक्की सरकारी नौकरियां देने का वादा किया गया था, लेकिन भर्ती प्रक्रिया की स्थिति और पेपर लीक की घटनाओं ने सरकार के दावों पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि बिना पर्ची और बिना खर्ची नौकरी देने की बात करने वाली सरकार को बताना चाहिए कि अब तक कितने युवाओं को रोजगार मिला है और कितने पदों पर भर्ती पूरी हुई है।

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश का पढ़ा-लिखा युवा रोजगार के लिए भटक रहा है, जबकि सरकार के दावे जमीनी हकीकत से मेल नहीं खाते।

लाडो लक्ष्मी योजना पर भी मांगा जवाब

कांग्रेस नेता ने महिलाओं को हर महीने 2,100 रुपये देने के वादे को लेकर भी भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान इस योजना को लेकर बड़े-बड़े वादे किए गए, लेकिन अब पात्रता और शर्तों के कारण महिलाओं को इसका पूरा लाभ मिलने पर सवाल उठ रहे हैं।

डॉ. तंवर ने प्रति परिवार 10 लाख रुपये के स्वास्थ्य बीमा और सरकारी अस्पतालों में मुफ्त डायलिसिस की घोषणाओं का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार को इन योजनाओं की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। उन्होंने गरीब परिवारों के लिए पांच लाख नए आवास और कांग्रेस शासनकाल में आवंटित 100-100 गज के प्लॉटों से जुड़ी कॉलोनियों को नियमित करने के वादों पर भी सवाल उठाए।

24 फसलों पर एमएसपी के दावे को बताया भ्रामक

किसानों की समस्याओं को उठाते हुए डॉ. तंवर और अन्य कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सरकार 24 फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य देने का दावा करती है, लेकिन मंडियों में किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने धान, बाजरा, गेहूं और सरसों की खरीद व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि किसानों को उनकी फसलों की बिक्री में आ रही दिक्कतों का समाधान किया जाना चाहिए।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि किसानों को राहत देने के दावों और मंडियों की स्थिति के बीच अंतर दिखाई दे रहा है। उन्होंने सरकार से खरीद व्यवस्था को दुरुस्त करने और किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने की मांग की।

बिजली-पानी की समस्या और विकास परियोजनाओं पर निशाना

डॉ. तंवर ने प्रदेश में बिजली-पानी की समस्याओं और बुनियादी सुविधाओं को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। कांग्रेस नेताओं ने मुख्यमंत्री की पंजाब और बिहार यात्राओं तथा विदेश दौरों पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार को पहले प्रदेश की जनता की समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए।

उन्होंने दिल्ली-मेरठ रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (आरआरटीएस) का जिक्र करते हुए कहा कि हरियाणा से जुड़ी पानीपत-करनाल और गुरुग्राम-रेवाड़ी-अलवर जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं की प्रगति पर भी सरकार को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।

कांग्रेस बोली- जनता के मुद्दों पर सड़क से सदन तक संघर्ष करेंगे

पत्रकार वार्ता में कांग्रेस जिला अध्यक्ष (ग्रामीण) अनिरुद्ध चौधरी और जिला अध्यक्ष (शहरी) प्रदीप गुलिया जोगी ने भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश का युवा रोजगार, किसान फसल की बिक्री और महिलाएं योजनाओं के लाभ को लेकर परेशान हैं। उनके अनुसार, किसान, मजदूर, युवा, महिलाएं और छोटे व्यापारी खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर चुप नहीं बैठेगी। सरकार की नीतियों और वादों को लेकर सड़क से लेकर सदन तक आवाज उठाई जाएगी तथा सरकार से उसके कार्यकाल का जवाब मांगा जाएगा।

इस अवसर पर पूर्व विधायक डॉ. शिवशंकर भारद्वाज सहित कांग्रेस के विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।