राकेश चतुर्वेदी, आष्टा (सीहोर)। सरबती गेहूं के लिए देश-दुनिया में मशहूर सीहोर जिले के आष्टा में NEWS24 MP-CG और Lalluram.com के साझा तत्वावधान में आयोजित “मध्य प्रदेश का भविष्य” कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ। स्थानीय शासकीय शहीद भगत सिंह महाविद्यालय में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, सेना, पुलिस, चिकित्सा जगत, ज्योतिष शास्त्र और शिक्षाविदों ने बड़ी संख्या में शिरकत कर अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की वंदना और आराधना के साथ हुआ।

विधायक गोपाल सिंह इंजीनियर की बड़ी घोषणाएं
कार्यक्रम के दौरान आष्टा के क्षेत्रीय विधायक गोपाल सिंह इंजीनियर ने NEWS24 MP-CG और Lalluram.com के मंच से दो बड़ी घोषणाएं करते हुए क्षेत्रवासियों को सौगातें दी। उन्होंने ऐलान किया कि आगामी दो वर्षों के भीतर आष्टा को एक आधुनिक ट्रामा सेंटर और भव्य स्टेडियम की सौगात मिल जाएगी। चूंकि आष्टा भोपाल-इंदौर हाईवे के बीच का एक महत्वपूर्ण शहर है, इसलिए यहां सड़क हादसों और आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए ट्रामा सेंटर की अत्यधिक आवश्यकता है। इसके अलावा उन्होंने आष्टा की सबसे पुरानी और अहम मांग, शहर को ट्रेन की सौगात मिलने का भी जल्द पूरा होने का भरोसा दिलाया। विधायक ने अपनी विधानसभा क्षेत्र में नर्मदा जल, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में अब तक हुए विकासकार्यों की लंबी सूची भी जनता के सामने रखी।

विकास, स्वास्थ्य और सुरक्षा पर हुई मंथन
कार्यक्रम में हिंदू उत्सव समिति के पूर्व अध्यक्ष व वरिष्ठ बीजेपी नेता भविष्य कालू भट्ट और बीजेपी महामंत्री मोहित सोनी ने आष्टा के विकास कार्यों पर प्रकाश डालते हुए पार्टी के कामकाज की जानकारी दी।
स्वास्थ्य सत्र: वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. हीरा दलोद्रिया ने अपने 51 वर्षों के अनुभव साझा करते हुए लोगों को स्वस्थ रहने की बारीकियां बताईं और डायबिटीज व ब्लड प्रेशर जैसी गंभीर बीमारियों से बचने के उपाय सुझाए। वहीं सिविल हॉस्पिटल के जनरल सर्जन डॉ. भूपेंद्र परमार ने स्वस्थ जीवनशैली के लिए ‘ट्रिपल 8 फॉर्मूले’ की विस्तृत जानकारी दी।
ज्योतिष और साइबर सुरक्षा: ज्योतिषाचार्य पंडित योगेश शर्मा ने ज्योतिष गणना की पद्धति और भाग्य व कर्म के संतुलन के सार को बहुत ही सरल तरीके से समझाया। इसके साथ ही, सीहोर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे ने आज के दौर के सबसे बड़े खतरे यानी ‘साइबर सुरक्षा’ के मुद्दों पर लोगों को जागरूक किया और सतर्क रहने की अपील की। शिक्षा के क्षेत्र में जेडी किड्स स्कूल के प्रिंसिपल दुर्गेश प्रताप सिंह ने अपने योगदान और बच्चों के भविष्य पर विचार रखे।
विशिष्ट अतिथियों और कोरोना/युद्ध वीरों का सम्मान
कार्यक्रम के अंत में समाज और देश के लिए उत्कृष्ट योगदान देने वाली कई जानी-मानी हस्तियों को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में एसडीओपी आष्टा दामोदर गुप्ता, सिद्धार्थ हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ. मुकेश इंदौरिया, कारगिल युद्ध में देश के दुश्मनों को धूल चटाने वाले एक्स आर्मी मैन वेलफेयर सोसाइटी के सदस्य और आष्टा युवा संगठन के संस्थापक आनंद गोस्वामी प्रमुख रूप से शामिल रहे। इस सफल आयोजन से पूरे आष्टा क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

