BAN-W vs CHN-W, Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 में महिला क्रिकेट प्रतियोगिता का आगाज हो चुका है। पहले क्वार्टर फाइनल में बांग्लादेश और चीन की टीमें आमने-सामने थीं, लेकिन मैच रद्द होने के बाद बेहतर रैंकिंग के आधार पर बांग्लादेश को सेमीफाइनल में जगह मिल गई।
बता दें कि बांग्लादेश और चीन के बीच मुकाबला कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेला जाना था। बारिश के कारण मैदान की स्थिति खराब रही। अंपायरों ने तीन बार मैदान का निरीक्षण किया, लेकिन परिस्थितियां खेलने लायक नहीं हुईं। आखिरकार मुकाबला बिना एक भी गेंद फेंके रद्द कर दिया गया।
रैंकिंग से मिला बांग्लादेश को फायदा
एशियन गेम्स की महिला क्रिकेट प्रतियोगिता सीधे नॉकआउट चरण से शुरू हो रही है। ऐसे में मैच रद्द होने की स्थिति में सीडिंग के आधार पर फैसला किया जाता है। बांग्लादेश की महिला टी20 टीम रैंकिंग चीन से बेहतर होने के कारण उसे सेमीफाइनल में प्रवेश मिला, जबकि चीन टूर्नामेंट से बाहर हो गया।
प्लेइंग कंडीशंस के आर्टिकल 16.10.2 के तहत मुकाबला रद्द होने पर ऊंची रैंकिंग वाली टीम को अगले चरण में जगह मिलने का प्रावधान है।
बांग्लादेश अब टूर्नामेंट में बिना कोई गेंद खेले सेमीफाइनल में पहुंच चुका है। टीम के पास फाइनल में पहुंचकर कम से कम सिल्वर मेडल पक्का करने का मौका है। वहीं, सेमीफाइनल में हारने पर भी वह ब्रॉन्ज मेडल के लिए मुकाबला कर सकती है।
18 सितंबर को जापान से भिड़ेगी भारतीय महिला टीम

भारतीय महिला क्रिकेट टीम भी रैंकिंग के आधार पर सीधे क्वार्टर फाइनल में पहुंची है। उसका मुकाबला 18 सितंबर को जापान से होगा। भारत की नजर इस मुकाबले में जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में जगह बनाने पर होगी। अन्य क्वार्टर फाइनल में पाकिस्तान का सामना थाईलैंड से, जबकि श्रीलंका की भिड़ंत मलेशिया से होगी।
2022 एशियन गेम्स में महिला क्रिकेट का गोल्ड मेडल जीतने वाली भारतीय टीम इस बार भी अपने खिताब को बरकरार रखने के इरादे से उतरेगी।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H



