Asian Games 2026: भारत ने कबड्डी में अपना दबदबा कायम रखते हुए एक ही दिन महिला और पुरुष दोनों वर्गों में गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया। भारतीय पुरुष कबड्डी टीम ने रोमांचक फाइनल मुकाबले में ईरान को 40-34 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। इससे पहले भारतीय महिला टीम ने भी ईरान को 37-34 से मात देकर गोल्ड पर कब्जा किया था। पुरुष टीम की जीत के साथ ही एशियन गेम्स 2026 में भारत के गोल्ड मेडल की संख्या चार हो गई है।
हाफ टाइम तक ईरान से पीछे था भारत
पुरुष कबड्डी फाइनल की शुरुआत से ही दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। ईरान ने शुरुआती मिनटों में भारतीय टीम पर दबाव बनाए रखा और हाफ टाइम तक 18-17 की बढ़त हासिल कर ली थी। हालांकि, दूसरे हाफ में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार वापसी की।
भारत की ओर से रेडिंग में अर्जुन देशवाल ने आक्रामक खेल दिखाते हुए अहम अंक जुटाए। वहीं डिफेंस में सुमित और राहुल की जोड़ी ने ईरानी रेडरों को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। ईरान के स्टार खिलाड़ी शादलोई ने भी कई मौकों पर भारतीय टीम पर दबाव बनाने की कोशिश की, लेकिन भारतीय डिफेंस की रणनीति के सामने उनकी ज्यादा नहीं चली।
मैच के आखिरी छह मिनट भारतीय टीम के लिए निर्णायक साबित हुए। भारत ने इस दौरान बढ़त हासिल की और मुकाबला खत्म होने तक उसे बनाए रखा। आखिरकार भारतीय टीम ने 40-34 से जीत दर्ज करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया।
महिला टीम ने भी ईरान को दी मात

पुरुष टीम से पहले भारतीय महिला कबड्डी टीम ने भी गोल्ड मेडल मुकाबले में ईरान को 37-34 से हराया था। महिला टीम ने एशियन गेम्स में ग्रुप स्टेज से लेकर गोल्ड मेडल मैच तक अपना विजयी अभियान जारी रखा।
फाइनल मुकाबले में दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। एक समय स्कोर 7-7 की बराबरी पर था, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों ने इसके बाद आक्रामक खेल दिखाया। पहले हाफ के अंत तक भारत ने 22-16 की बढ़त बना ली थी। भारतीय टीम ने ईरान को दो बार ऑल आउट करने में भी सफलता हासिल की।
दूसरे हाफ में ईरान ने जोरदार वापसी की और भारतीय टीम को ऑल आउट कर बढ़त कम कर दी। इसके बाद भारत ने फिर वापसी की और ईरान को ऑल आउट करते हुए अपनी बढ़त कायम रखी। मुकाबला खत्म होने पर स्कोर 37-34 रहा और भारतीय महिला टीम ने गोल्ड जीत लिया।
एशियन गेम्स में भारत के चार गोल्ड
पुरुष कबड्डी टीम की जीत के साथ एशियन गेम्स 2026 में भारत के गोल्ड मेडल की संख्या चार हो गई है। भारत के खाते में कुल 28 मेडल हैं और वह मेडल टैली में 10वें स्थान पर है।
इससे पहले दिन सावन बरवाल ने पुरुषों की मैराथन में 2:11:37 के अपने अब तक के सर्वश्रेष्ठ समय के साथ सिल्वर मेडल जीता। इसके साथ भारत को 44 साल बाद पुरुष मैराथन में एशियन गेम्स का पहला मेडल मिला। वहीं स्क्वैश के मिक्स्ड डबल्स इवेंट में जोशना चिनप्पा और वेलवन सेंथिलकुमार ने ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया।
एशियन गेम्स 2026 में भारत का शानदार प्रदर्शन जारी है और अब दिन के बाकी मुकाबलों में भी देश के खाते में और पदक जुड़ने की उम्मीद है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


