Indian hockey team announced for Asian Games 2026: हॉकी इंडिया ने 20वें एशियन गेम्स के लिए भारतीय पुरुष हॉकी टीम का ऐलान कर दिया है। 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक जापान के आइची-नागोया में आयोजित होने वाले इस टूर्नामेंट के लिए 20 सदस्यीय टीम चुनी गई है। अनुभवी डिफेंडर और स्टार ड्रैग-फ्लिकर हरमनप्रीत सिंह को लगातार दूसरी बार टीम की कमान सौंपी गई है। वहीं, अनुभवी मिडफील्डर मनप्रीत सिंह भी टीम का हिस्सा हैं और मिडफील्ड में अहम भूमिका निभाते नजर आएंगे।

भारतीय टीम इस बार अपने खिताब की रक्षा करने उतरेगी। हरमनप्रीत सिंह की कप्तानी में भारत ने 2023 के हांगझोउ एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीता था। अब टीम की कोशिश जापान में भी उसी प्रदर्शन को दोहराने की होगी। हाल ही में हॉकी मेन्स वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय टीम की घोषणा की गई थी और अब एशियन गेम्स के लिए भी मजबूत और संतुलित संयोजन पर भरोसा जताया गया है।

पूल-ए में भारत, इन टीमों से होगा मुकाबला

भारतीय टीम को पूल-ए में मेजबान जापान, दक्षिण कोरिया, बांग्लादेश, श्रीलंका और इंडोनेशिया के साथ रखा गया है। सभी मुकाबले जापान के काकामिगहारा स्थित गिफू प्रीफेक्चरल ग्रीन स्टेडियम में खेले जाएंगे।

भारत अपने अभियान की शुरुआत 20 सितंबर को इंडोनेशिया के खिलाफ करेगा। इसके बाद 22 सितंबर को श्रीलंका, 24 सितंबर को दक्षिण कोरिया, 26 सितंबर को जापान और 28 सितंबर को बांग्लादेश से भिड़ेगा। टूर्नामेंट में कुल 12 टीमें दो पूल में विभाजित हैं।

गोल्ड के साथ लॉस एंजेलिस ओलंपिक 2028 का टिकट भी दांव पर

इस बार एशियन गेम्स का महत्व और बढ़ गया है, क्योंकि टूर्नामेंट का विजेता सीधे लॉस एंजेलिस ओलंपिक 2028 के लिए क्वालिफाई करेगा। ऐसे में भारतीय टीम के सामने गोल्ड मेडल बचाने के साथ-साथ ओलंपिक का टिकट हासिल करने की भी चुनौती होगी।

मुख्य कोच क्रेग फुल्टन ने टीम चयन पर संतोष जताते हुए कहा कि चुनी गई टीम अनुभव और युवा खिलाड़ियों का बेहतरीन मिश्रण है। उनके मुताबिक जापान में होने वाली प्रतियोगिता आसान नहीं होगी, लेकिन टीम का लक्ष्य स्पष्ट है—स्वर्ण पदक जीतकर सीधे ओलंपिक के लिए क्वालिफाई करना।

कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने भी टीम पर भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि भारतीय टीम की सबसे बड़ी ताकत युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का संतुलन है। खिलाड़ियों को दबाव में आने के बजाय अपने खेल का आनंद लेते हुए जिम्मेदारी के साथ प्रदर्शन करना होगा।

टीम में अनुभव और युवा जोश का संतुलन

गोलकीपिंग की जिम्मेदारी मोहित एचएस और सूरज करकेरा संभालेंगे। डिफेंस में कप्तान हरमनप्रीत सिंह के साथ जरमनप्रीत सिंह, अमित रोहिदास, जुगराज सिंह, संजय, सुमित और यशदीप सिवाच शामिल हैं। मिडफील्ड में राजिंदर सिंह, राज कुमार पाल, हार्दिक सिंह, मनप्रीत सिंह, नीलकांत शर्मा और विवेक सागर प्रसाद टीम को मजबूती देंगे। वहीं, आक्रमण की जिम्मेदारी दिलप्रीत सिंह, शिलानंद लकड़ा, सुखजीत सिंह, मनदीप सिंह और अभिषेक के कंधों पर होगी।

एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय पुरुष हॉकी टीम

गोलकीपर: मोहित एचएस, सूरज करकेरा

डिफेंडर: हरमनप्रीत सिंह (कप्तान), जरमनप्रीत सिंह, अमित रोहिदास, जुगराज सिंह, संजय, सुमित, यशदीप सिवाच

मिडफील्डर: राजिंदर सिंह, राज कुमार पाल, हार्दिक सिंह, मनप्रीत सिंह, नीलकांत शर्मा, विवेक सागर प्रसाद

फॉरवर्ड: दिलप्रीत सिंह, शिलानंद लकड़ा, सुखजीत सिंह, मनदीप सिंह, अभिषेक

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H