निशांत राजपूत, सिवनी। मध्यप्रदेश के सिवनी जिले से एक चौंकाने वाला और संवेदनशील मामला सामने आया है, जहां एक मुस्लिम युवक की बेरहमी से पिटाई करने और उसके जख्मों पर नमक-मिर्च छिड़कने का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो करीब एक महीना पुराना है। वीडियो के संज्ञान में आते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को दबोच लिया है और उनकी हेकड़ी निकालते हुए सार्वजनिक रूप से माफी भी मंगवाई है।
धर्म परिवर्तन के दबाव का आरोप
पूरा मामला कथित तौर पर एकतरफा प्रताड़ना से जुड़ा हुआ है। मिली जानकारी के अनुसार, भोमा निवासी मुस्लिम युवक सोहेल खान पर आरोप है कि वह आईटीआई (ITI) की एक छात्रा को रोज रास्ते में रोककर परेशान करता था। इतना ही नहीं, आरोप यह भी है कि वह छात्रा को डरा-धमकाकर जबरन धर्म परिवर्तन करने के लिए दबाव बना रहा था। तंग आकर छात्रा ने पूरी बात अपने परिजनों को बताई, जिसके बाद परिजनों और स्थानीय युवकों ने सोहेल की जमकर पिटाई कर दी और उसके घावों पर नमक-मिर्च रगड़ दिया।
भय के कारण छात्रा ने छोड़ दी थी पढ़ाई
इस पूरे घटनाक्रम के बाद पीड़ित छात्रा ने पुलिस अधीक्षक (SP) के पास पहुंचकर सोहेल के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित आईटीआई छात्रा का कहना है कि-“मैं आगे पढ़ना चाहती हूँ और अपना भविष्य बनाना चाहती हूँ, लेकिन सोहेल मुझे लगातार धमकाता और प्रताड़ित करता था। उसके इसी खौफ और डर के मारे मैंने आईटीआई जाना ही छोड़ दिया था। मैं चाहती हूँ कि उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई हो ताकि मैं दोबारा सुरक्षित होकर पढ़ाई कर सकूँ।”
आरोपी और पीड़ित दोनों पर शिकंजा
वीडियो वायरल होने के बाद सिवनी पुलिस ने कानून हाथ में लेने वाले आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि किसी भी परिस्थिति में मॉब लिंचिंग या कानून से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं दूसरी ओर, पीड़ित छात्रा की शिकायत के आधार पर पुलिस ने सोहेल के खिलाफ भी छेड़छाड़, धमकी और अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

