शब्बीर अहमद, भोपाल/सुनील उपाध्याय, छतरपुर। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के एक थाने में जमकर हंगामा हुआ। बदमाश ने थाने के अंदर पुलिसकर्मी से मारपीट की और वर्दी फाड़ दी। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इधर, छतरपुर में दो पक्षों के विवाद को रोकने गई पुलिस टीम पर हमला हो गया। जिसमें एक महिला आरक्षक के साथ मारपीट की गई और एक पुलिसकर्मी के सिर पर चोट लगी है।
हबीबगंज थाना परिसर में बदमाश का हंगामा
राजधानी भोपाल के हबीबगंज थाना परिसर में बदमाश ने जमकर हंगामा मचाया। बताया जा रहा है कि बदमाश बंटी राय मारपीट के मामले में एक पक्ष की तरफ से आया था। थाने में दूसरे पक्ष से विवाद के दौरान बदमाश बंटी राय का पुलिसकर्मियों से विवाद हो गया। बंटी राय ने एक पुलिसकर्मी से मारपीट की। इतना ही नहीं जवान की वर्दी भी फाड़ दी। वहीं हबीबगंज पुलिस ने बंटी राय को हिरासत में लिया है। एफआईआर दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। वहीं थाने में हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
छतरपुर में पुलिस पर हमला
छतरपुर के ईशानगर थाना क्षेत्र के पहाड़गांव में दो पक्षों के विवाद को रोकने गई पुलिस टीम पर हमला हो गया। इस हमले में आरक्षक दानिश खान के सिर में चोट आई है। बताया जा रहा है कि गांव में मूर्ति विसर्जन को लेकर दो समाज के लोगों से विवाद हुआ था। विवाद के दौरान दोनों पक्षों में जमकर पत्थर और लाठी-डंडे चले। सूचना पर ईशानगर पुलिस मौके पर पहुंची तो भीड़ ने पुलिसकर्मियों के साथ भी मारपीट कर दी। इसमें एक महिला आरक्षक के साथ भी मारपीट की गई। आरक्षक दानिश खान घायल हो गए। घटना की जानकारी लगते ही जिले के अन्य थानों का पुलिस बल ईशानगर थाने पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया है। इलाके में फिलहाल शांति है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

