लखनऊ. ऑफिस में कमरा बंद करके IRS अधिकारी गौरव गर्ग से मारपीट के मामले में असिस्टेंट कमिश्नर योगेंद्र मिश्रा को निलंबित कर दिया गया है. उन्हें बंगाल-सिक्किम रीजन से संबद्ध कर दिया गया है. IRS गौरव गर्ग IPS रवीना त्यागी के पति हैं. गौरव गर्ग ने असिस्टेंट कमिश्नर के खिलाफ हजरतगंज पुलिस को तहरीर दी थी. FIR में BNS की धाराएं 109, 121, 221, 324, 351, 352 लगाई गई हैं. गौरव गर्ग का आरोप है कि मिश्रा ने उन्हें गालियां दीं, गिलास से चेहरे पर हमला किया, गला दबाया और जूते से प्राइवेट पार्ट पर मारा.
बता दें कि पूरा मामला हजरतगंज स्थित आयकर विभाग के दफ्तर का है. जहां असिस्टेंट कमिश्नर योगेंद्र मिश्रा से IRS अधिकारी गौरव गर्ग का किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया. जिसके बाद अधिकारी ने धक्का-मुक्की करते हुए मारपीट की. घटना के बाद IRS गौरव गर्ग को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
इसे भी पढ़ें : गिलास से चेहरे पर हमला किया, गला दबाया और… IRS गौरव गर्ग का गंभीर आरोप, जानिए बंद कमरे में क्या-क्या हुआ था…
हमले की वजह स्पष्ट नहीं है, लेकिन कहा जा रहा है कि असिस्टेंट कमिश्नर योगेंद्र मिश्रा किसी जांच के मामले में उनसे मिलने के लिए आए थे. इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद बढ़ा और फिर योगेंद्र मिश्रा ने पिटाई कर दी. इससे पहले भी दोनों के बीच किसी बात को लेकर बहस हो चुकी है. घटना के बाद डीसीपी आशीष श्रीवास्तव IRS अधिकारी गौरव गर्ग से घटना की जानकारी लेने के लिए पहुंचे हैं. गौरव गर्ग ने असिस्टेंट कमिश्नर के खिलाफ हजरतगंज पुलिस को तहरीर दी है.



