Bihar Crime: बिहार में निगरानी विभाग ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। ताजा मामला पूर्णिया से सामने आया है, जो एक बार फिर सरकारी सिस्टम पर सवाल खड़े कर रहा है। दरअसल पटना की विशेष निगरानी टीम ने बिहार शिक्षा परियोजना में तैनात सहायक अभियंता भूषण प्रसाद को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

6 प्रतिशत मांगी थी कमीशन

पूरा मामला सरसी थाना क्षेत्र के रहने वाले नंदन कुमार झा की शिकायत से शुरू हुआ। दरअसल नंदन कुमार झा ने डगरूआ प्रखंड के मीनापुर में एक स्कूल भवन का निर्माण कराया था, हालांकि इसका भुगतान पाने के लिए कुछ कागजी प्रक्रिया अटकी हुई थी। आरोप है कि अभियंता भूषण प्रसाद ने उस कागजी प्रक्रिया को पूरी करने के लिए कुल राशि के 6 प्रतिशत कमीशन मांग की थी।

जाल बिछाकर निगरानी विभाग ने दबोचा

नंदन कुमार झा ने पैसे मांगने की शिकायत निगरानी विभाग से की थी, जिसके बाद विभाग ने आरोपों की जांच करते हुए जाल बिछाया और जैसे ही पीड़ित नंदन कुमार झा ने तय रकम 10 हजार अभियंता को दी, मौके पर तैनात निगरानी टीम के अधिकारियों ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि गिरफ्तार अभियंता इससे पहले भी वह किस्तों में पैसे ले चुका था।

आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई

फिलहाल निगरानी विभाग गिरफ्तार अभियंता से पूछताछ कर रही है। इस मामले में अन्य लोगों के भी शामिल होने की उम्मीद है। बता दें कि कानूनी प्रक्रिया को पूरी करने के बाद निगरानी टीम गिरफ्तार सहायक अभियंता को पटना की नगिरानी अदालत में पेश करेगी। विभाग का कहना है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ उनकी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

ये भी पढ़ें- बड़ी खबर: पटना नीट छात्रा मौत केस में शंभू गर्ल्स हॉस्टल के मालिक मनीष रंजन को मिली जमानत