सतीश सिंह, लखनऊ. प्रदेश के अशासकीय अनुदानित सह-शिक्षा महाविद्यालयों एवं महिला महाविद्यालयों में सहायक आचार्य पद पर नियुक्ति का सपना संजोए अभ्यर्थियों के लिए खुशखबरी है. उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने प्रदेश के अशासकीय अनुदानित सह-शिक्षा महाविद्यालयों एवं महिला महाविद्यालयों में सहायक आचार्य के 1,936 रिक्त पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी कर दिया है. साथ ही इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया भी मंगलवार से शुरू हो गई है.
आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए आवेदन प्रक्रिया में वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) व्यवस्था लागू की है. अभ्यर्थियों को सहायक आचार्य पद के लिए आवेदन करने से पहले OTR की प्रक्रिया पूर्ण करनी होगी. उन्होंने स्पष्ट किया है कि विज्ञापित पदों के सापेक्ष निर्धारित अर्हता एवं पात्रता रखने वाले अभ्यर्थी ही आवेदन करें. विज्ञापित पदों की अर्हता एवं पात्रता के संबंध में अलग से व्यक्तिगत परामर्श उपलब्ध नहीं कराया जाएगा. अभ्यर्थियों के लिए विस्तृत विज्ञापन एवं निर्देश पुस्तिका आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध करा दी गई है. उन्होंने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि आवेदन करने से पहले विस्तृत विज्ञापन का सावधानीपूर्वक अध्ययन कर लें और सभी निर्धारित अर्हताएं पूरी करने के बाद ही आवेदन करें.
इसे भी पढ़ें : पड़ गए न लेने के देने! योगी सरकार का चला हंटर, लापरवाही करने वाले 5 तहसीलदार निलंबित, 13 अन्य को नोटिस
7 अक्टूबर तक होंगे आवेदन
आयोग के उप सचिव संजय कुमार सिंह ने बताया कि ऑनलाइन पंजीकरण एवं आवेदन प्रक्रिया 8 सितंबर से प्रारंभ हो गई है. ऑनलाइन आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 7 अक्टूबर निर्धारित की गई है. जबकि ऑनलाइन आवेदन में संशोधन की अंतिम तिथि 11 अक्टूबर 2026 रहेगी. सहायक आचार्य पदों के लिए लिखित परीक्षा 19 एवं 20 नवंबर को प्रस्तावित है. परीक्षा से संबंधित विस्तृत कार्यक्रम, परीक्षा केंद्र एवं अन्य आवश्यक दिशा-निर्देश आयोग की ओर से समय-समय पर अपनी वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे.



