जींद। जिले के सफीदों में एक महिला ने पानीपत के युवक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि अमेरिका में फंसे अपने पति की मदद की उम्मीद में वह आरोपी के संपर्क में आई थी, लेकिन इसी भरोसे का कथित तौर पर फायदा उठाकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया और बाद में अश्लील वीडियो के जरिए उसे डराया-धमकाया गया।

शिकायत के अनुसार, महिला का पति वर्ष 2023 में अमेरिका गया था। वहां किसी परेशानी में फंसने के बाद उसकी मदद कराने के सिलसिले में महिला की पहचान जोशी गांव निवासी अनुज से हुई। बताया गया है कि महिला के देवर ने उसकी मुलाकात अनुज से करवाई थी। आरोप है कि अनुज ने महिला को भरोसा दिलाया कि वह उसके पति को अमेरिका से सुरक्षित निकालने में सहायता करेगा।

महिला ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि 6 अगस्त 2025 की रात करीब 8 बजे अनुज उसके घर पहुंचा। महिला का दावा है कि इस दौरान उसे नशीला पदार्थ दिया गया, जिसके बाद वह बेहोश हो गई। आरोप है कि इसी स्थिति का फायदा उठाकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया और घटना का अश्लील वीडियो भी बना लिया गया।

शिकायत में आगे आरोप लगाया गया है कि इसके बाद वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी देकर महिला पर दबाव बनाया गया। इतना ही नहीं, उसके पति को अमेरिका में नुकसान पहुंचाने की धमकी देने की बात भी महिला ने पुलिस को बताई है। महिला का आरोप है कि इन धमकियों के जरिए उसे लगातार ब्लैकमेल किया गया।

मामले में सदर थाना सफीदों पुलिस ने पानीपत जिले के जोशी गांव निवासी अनुज के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी चंद्रपाल के अनुसार पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। पुलिस जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m