Atar Singh Bhadana Murder Case: राजस्थान के भरतपुर जिले में बयाना के पूर्व बीजेपी विधायक अतर सिंह भड़ाना की हत्या के मामले में उनकी पत्नी कमलेश भड़ाना ने वैर थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। शिकायत में 30 लोगों को नामजद किया गया है, जबकि 50 से 60 अन्य लोगों पर भी आरोप लगाए गए हैं। कमलेश भड़ाना ने खनन लीज और क्रेशर संचालन को लेकर चल रहे विवाद के बीच हमला किए जाने का आरोप लगाया है।

खनन लीज और क्रेशर विवाद का जिक्र

एफआईआर में मुकेश पुत्र हरज्ञान, राजवीर उर्फ मग्गू, जगत, बाबू, बनवारी, भागचंद, विष्णु, हेमसिंह, कौशल, अवतार, शिव सिंह, जितेंद्र और संजय समेत 30 लोगों के नाम शामिल हैं।

शिकायत के अनुसार, घटना से एक दिन पहले खनन लीज और क्रेशर पर काम करने वाले लोगों के साथ मारपीट हुई थी। इस घटना को लेकर भी वैर थाने में मामला दर्ज होने का उल्लेख एफआईआर में किया गया है।

अगले दिन खदान परिसर में हमले का आरोप

कमलेश भड़ाना की शिकायत के मुताबिक, अगले दिन आरोपी एकराय होकर खनन लीज और क्रेशर परिसर में पहुंचे। एफआईआर में परिसर में घुसकर मारपीट करने, पथराव, फायरिंग और आगजनी करने के आरोप लगाए गए हैं।

शिकायत में यह भी आरोप है कि हमलावर क्रेशर को उखाड़ने के इरादे से आए थे। इसी दौरान अतर सिंह भड़ाना पर हमला किया गया।

सिर पर गंडासे से वार करने का आरोप

एफआईआर में हमले के दौरान अतर सिंह भड़ाना के हाथ-पैर तोड़ने और सिर पर गंडासे से वार करने की बात कही गई है। शिकायत के अनुसार, गंभीर चोटों के कारण उनका काफी खून बहा और उनकी मौत हो गई।

अब पुलिस जांच पर टिकी नजर

मामले में 30 लोगों को नामजद करने के साथ 50 से 60 अन्य लोगों पर भी आरोप लगाए गए हैं। पुलिस के सामने अब शिकायत में बताए गए घटनाक्रम की जांच करने, हमले में शामिल लोगों की पहचान करने और प्रत्येक आरोपी की भूमिका तय करने की चुनौती है।

पढ़ें ये खबरें