भरतपुर/फरीदाबाद। राजस्थान के भरतपुर जिले में क्रेशर प्लांट को लेकर चल रहा पुराना विवाद हिंसक हो गया। बयाना के पूर्व विधायक और भाजपा नेता अतर सिंह भड़ाना की मारपीट में गंभीर रूप से घायल होने के बाद मौत हो गई। रविवार शाम भौंड़ा गांव स्थित क्रेशर प्लांट पर हुए संघर्ष में उनके सहयोगी गगन शर्मा भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।

क्रेशर प्लांट पहुंचते ही बढ़ा विवाद

जानकारी के मुताबिक, अतर सिंह भड़ाना रविवार शाम करीब 6:30 बजे अपने क्रेशर प्लांट पहुंचे थे। उनकी पत्नी कमलेश ने आरोप लगाया कि इसी दौरान 70 से 80 लोगों ने लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया। इस हमले में अतर सिंह और गगन शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। पत्नी ने गोली लगने का भी दावा किया है, लेकिन वैर अस्पताल के चिकित्सकों ने शुरुआती जांच में गोली लगने की पुष्टि नहीं की। पुलिस इस पहलू की जांच कर रही है।

जयपुर में इलाज के दौरान तोड़ा दम

घायलों को रविवार रात करीब 8:15 बजे वैर उप जिला अस्पताल लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद अतर सिंह को जयपुर के एसएमएस अस्पताल रेफर किया गया, जहां रात करीब 11:30 बजे उनकी मौत हो गई। गगन शर्मा को भरतपुर भेजा गया। अतर सिंह मूल रूप से हरियाणा के फरीदाबाद के रहने वाले थे। वह वर्ष 2003 में राजस्थान की वैर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक चुने गए थे।

चार साल से चल रहा था विवाद

पुलिस के मुताबिक, क्रेशर लीज को लेकर संचालक और ग्रामीणों के बीच करीब चार साल से विवाद था। ग्रामीणों ने चारागाह की जमीन पर अतिक्रमण, कथित अवैध खनन और प्लांट तक पहुंचने वाले रास्ते को लेकर आपत्ति जताई थी। पिछले एक साल से क्रेशर बंद था और उसे दोबारा शुरू कराने की कोशिश की जा रही थी।

दोनों पक्षों ने लगाए आरोप

ग्रामीणों का दावा है कि क्रेशर के बाहर पिछले 10 से 15 दिनों से धरना चल रहा था। रविवार को प्रदर्शनकारियों को हटाने के दौरान विवाद बढ़ा और दोनों पक्षों में मारपीट हुई। वहीं, अतर सिंह की पत्नी ने पहले शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया है।

पुलिस के अनुसार, घटना के सभी पहलुओं, फायरिंग के आरोपों और दोनों पक्षों की भूमिका की जांच की जा रही है। फिलहाल घटना की पूरी परिस्थितियां जांच के बाद ही स्पष्ट होंगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m