Automobile Desk. भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर की बढ़ती मांग के बीच Ather Energy ने एक नया कदम उठाया है। कंपनी ने अपने नए फैमिली-ओरिएंटेड इलेक्ट्रिक स्कूटर ‘एथर कोनार्क’ (Ather Konarc) को मार्केट में उतारा है। ₹99,999 की शुरुआती कीमत के साथ पेश किया गया यह स्कूटर एथर के नए नेक्स्ट-जनरेशन EL प्लेटफॉर्म पर आधारित पहला प्रोडक्शन मॉडल है।
डिजाइन के मामले में एथर कोनार्क कंपनी की पुरानी 450 Series से थोड़ा अलग नजर आता है। इसमें स्पोर्टी लुक के साथ-साथ परिवार की जरूरतों का खास ख्याल रखा गया है। स्कूटर के फ्रंट में हैंडलबार के अंदर LED हेडलैंप, ग्लॉसी ब्लैक काउल और आकर्षक U-शेप LED DRLs दिए गए हैं। दो लोगों के आराम से बैठने के लिए इसमें चौड़ी सिंगल-पीस सीट, सिल्वर पिलियन ग्रैब रेल और बैक सपोर्ट (बैकरेस्ट) दिया गया है। इसके अलावा, रोजाना के इस्तेमाल को आसान बनाने के लिए फ्लैट फ्लोरबोर्ड, फ्रंट स्टोरेज और टचस्क्रीन इंस्ट्रूमेंट कंसोल दिया गया है, जो स्मार्टफोन कनेक्टिविटी को सपोर्ट करता है।
इस स्कूटर में सबसे दिलचस्प फीचर ‘एयरवॉक’ (Airwalk) शामिल किया गया है। अक्सर देखा जाता है कि भारी इलेक्ट्रिक स्कूटर्स को तंग पार्किंग या ढलान वाली जगहों पर हाथ से आगे-पीछे करना काफी थकाऊ काम होता है। एयरवॉक फीचर इलेक्ट्रिक मोटर की मदद से स्कूटर को धीमी रफ्तार में आगे और पीछे करने की सुविधा देता है, जिससे पार्किंग के वक्त इसे संभालना काफी आसान हो जाता है।

पावर और परफॉर्मेंस की बात करें तो इसमें कंपनी का नया ‘बैडरॉक’ (Bedrock) बैटरी सिस्टम दिया गया है। यह स्कूटर दो मुख्य वेरिएंट्स—S Line और Z Line में उपलब्ध होगा। कंपनी के दावों के अनुसार, इसके टॉप वेरिएंट S Line की IDC (इंडियन ड्राइविंग साइकिल) रेंज 200 किलोमीटर तक है, जबकि बेस वेरिएंट 100 किलोमीटर तक की रेंज देने में सक्षम है। हालांकि, वास्तविक सड़कों पर मिलने वाली माइलेज ट्रैफिक, मौसम और राइडर के चलाने के तरीके पर निर्भर करेगी। रफ्तार के मामले में S Line वेरिएंट 70 किमी प्रति घंटा और Z Line वेरिएंट 80 किमी प्रति घंटा की टॉप स्पीड दे सकता है।
बता दें, चार्जिंग सेटअप के लिए एथर ने इसमें 450W का बिल्ट-इन चार्जर दिया है, जिससे इसे घर के किसी भी सामान्य पावर सॉकेट से चार्ज किया जा सकता है। नए प्लेटफॉर्म की बदौलत इसकी कुल ऑनबोर्ड चार्जिंग क्षमता लगभग 900W तक जाती है। कंपनी का दावा है कि इसकी बैटरी 0 से 80 प्रतिशत तक महज 2 घंटे के भीतर चार्ज हो सकती है।
भारतीय बाजार में इसकी सीधी टक्कर टीवीएस आईक्यूब (TVS iQube), ओला एस1 सीरीज (Ola S1), बजाज चेतक और विडा (Vida) जैसे स्थापित स्कूटर्स से होगी। जिन ग्राहकों को इस स्कूटर का इंतजार है, उनके लिए बुकिंग के बाद इसकी डिलीवरी 21 September 2026 से शुरू की जाएगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


