फरीदाबाद। दिल्ली-एनसीआर में खाकी को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। फरीदाबाद पुलिस ने एटीएम लूट गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दिल्ली पुलिस के एक कॉन्स्टेबल, उसके भतीजे और दो अन्य साथियों समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि दिल्ली पुलिस में तैनात सिपाही ही पूरे गिरोह का मास्टरमाइंड था।
क्राइम ब्रांच सेक्टर-56 की टीम ने कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया। मुख्य आरोपी मूल रूप से फरीदाबाद के अटाली गांव का रहने वाला है और दिल्ली के बिजवासन इलाके में पीसीआर यूनिट में कॉन्स्टेबल के पद पर तैनात था।
भतीजे के साथ मिलकर रची लूट की साजिश
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपने भतीजे और अन्य साथियों के साथ मिलकर फरीदाबाद में एक वित्तीय कंपनी के दो एटीएम को निशाना बनाया। गिरोह ने दोनों एटीएम से लाखों रुपये की नकदी लूट ली और फरार हो गया।
जांच में सामने आया है कि गिरोह रात के समय सुनसान स्थानों पर स्थित एटीएम को चुनता था, ताकि वारदात के दौरान किसी की नजर न पड़े और आसानी से फरार हुआ जा सके।
दो एटीएम से उड़ाए 12 लाख से ज्यादा रुपये
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने भूपानी क्षेत्र स्थित एटीएम से 6.53 लाख रुपये, जबकि सेक्टर-58 स्थित दूसरे एटीएम से 5.71 लाख रुपये लूटे। इस तरह दोनों वारदातों में कुल 12.24 लाख रुपये की नकदी पर हाथ साफ किया गया।
पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल फरीदाबाद पुलिस चारों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि गिरोह ने फरीदाबाद के अलावा अन्य जिलों में भी इसी तरह की वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं। पुलिस आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड, उनके नेटवर्क और लूट की रकम के इस्तेमाल की भी जांच कर रही है।
दिल्ली पुलिस के एक जवान का इस तरह संगठित एटीएम लूट गिरोह का मास्टरमाइंड होना सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस विभाग की साख पर भी गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। मामले की जांच जारी है।
- CAF जवान का अपहरण कर बनाया बंधक, मारपीट कर स्टाम्प पेपर पर कराया हस्ताक्षर, महिला और ड्राइवर गिरफ्तार
- अजगर में कैंसर का ऑपरेशन: साढ़े तीन घंटे चली सर्जरी, मुंह से निकाली गांठ, वन्यजीव विशेषज्ञ ने बचाई जान
- खंडवा में अभिनेता रघुवीर यादव को मिला राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने की तारीफ
- वरदान हॉस्पिटल में आयुष्मान योजना में गड़बड़ी: बोगस मरीजों और अनावश्यक ICU में भर्ती का खुलासा, स्वास्थ्य विभाग ने 3 दिन में मांगा जवाब
- हिसार में 24 अक्टूबर को सजेगी ‘DESIVERSE’ म्यूजिकल नाइट, परमीश वर्मा करेंगे लाइव परफॉर्मेंस

