पश्चिम बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर जिले में तीन ईसाई परिवारों ने बजरंग दल से जुड़े 13 लोगों पर मारपीट, धमकी देने और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत के बाद पुलिस ने पीड़ित परिवारों की सुरक्षा के लिए उनके घरों के बाहर पुलिस पिकेट तैनात की है।

दुर्गा पूजा के दौरान मारपीट और जबरन ‘शुद्धिकरण’ का आरोप

चंद्रकोणा थाने में 20 अक्टूबर को दर्ज FIR के अनुसार, शिकायतकर्ता लक्ष्मी मंडल ने आरोप लगाया कि 18 अक्टूबर को कुछ लोग उनके घर पहुंचे और ईसाई धर्म छोड़ने का दबाव बनाया। उन्होंने दुर्गा पूजा के दौरान मारपीट करने, साड़ी उतारने और ‘शुद्धिकरण’ के नाम पर सार्वजनिक रूप से स्नान कराने का भी आरोप लगाया।

नाबालिग बेटी को धमकी देने का दावा

FIR में आरोप है कि पीड़िता की नाबालिग बेटी को मुस्लिम युवक से शादी कराने और दुष्कर्म की धमकी दी गई। परिवार ने पुलिस में शिकायत करने पर जिंदा जलाने की धमकी मिलने का भी दावा किया है। शिकायत के मुताबिक, परिवार के सदस्यों को कथित तौर पर उनकी इच्छा के विरुद्ध धार्मिक अनुष्ठान में शामिल कराया गया।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत 13 नामजद आरोपियों और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। परिवारों की सुरक्षा के लिए पुलिस तैनात है और मामले की जांच जारी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m