अमित मंकोडी, आष्टा। सिद्दीकगंज थाना क्षेत्र के आदिवासी बाहुल्य गांव नोमानिया में सोमवार को उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई, जब धारा 250 के प्रकरण में न्यायालय से फैसला आने के बाद राजस्व विभाग की टीम भूमि का कब्जा दिलाने मौके पर पहुंची। कार्रवाई शुरू होते ही बड़ी संख्या में आदिवासी महिला पुरुष और बच्चे मौके पर लाठी डंडे लेकर पहुंच गए और विरोध करते हुए राजस्व अमले का घेराव कर दिया। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और स्थिति बिगड़ने लगी। मामला इतना बिगड़ गया कि महिलाओं ने वाहनों पर पथराव और तोड़फोड़ शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत झीकड़ी मेवाती के अंतर्गत आने वाले गांव नौमानिया निवासी सुनील कुमार वर्मा पुत्र मोतीलाल वर्मा को  राजस्व विभाग के आरआई  कमल कीर और हल्का पटवारी गुलाब सिंह चौहान सीहोर पुलिस बल के साथ कब्जा दिलाने की कार्रवाई के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान दर्जनों आदिवासी महिला पुरुष और बच्चे लाठी-डंडे लेकर मौके पर एकत्र हो गए और कार्रवाई का विरोध करने लगे।

विरोध के दौरान कुछ महिलाओं ने पत्थरबाजी कर मौके पर मौजूद जेसीबी के कांच तोड़ दिए। वहीं ट्रैक्टर पर भी डंडों से हमला कर दिया। स्थिति बिगड़ती देख ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर भाग गया, जबकि जेसीबी चालक किसी तरह मशीन लेकर वहां से भाग निकला।

मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कुछ समय के लिए कार्रवाई पूरी तरह बाधित हो गई। हालात इतने तनावपूर्ण हो गए थे कि किसी भी समय बड़ा विवाद या हिंसक झड़प हो सकती थी।

इसी बीच सूचना मिलने पर सिद्दीकगंज थाने से  एसआई सूरज सिंह परिहार और एएसआई अशोक दुबे तत्काल मौके पर पहुंच गए और  स्थिति को संभालते हुए दोनों पक्षों को शांत कराया, आज अगर समय पर पुलिस नहीं पहुंची तो बहुत बड़ा विवाद हो सकता था।एसआई सूरज परिहार और एएसआई अशोक दुबे की सूझबूझ से बहुत बड़ा विवाद टल गया। हालांकि कुछ देर बाद सिद्दीकगंज थाना प्रभारी राजू सिंह बघेल भी पहुंच गए थे। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m