कुमार इंदर, जबलपुर। जिले में सरकारी दफ्तरों के भीतर कर्मचारियों और अधिकारियों पर हमलों के दो अलग-अलग मामले सामने आए हैं। पहली घटना जिला पंचायत कार्यालय की है जहां एक महिला परियोजना प्रबंधक के साथ जमकर मारपीट की गई, जबकि दूसरी घटना पनागर तहसील के सिंघलदीप ग्राम पंचायत भवन की है जहां पटवारी को कार्यालय में घुसकर जान से मारने की धमकी दी गई।
जिला पंचायत कार्यालय में महिला अधिकारी से मारपीट
जिला पंचायत कार्यालय के भीतर महिला परियोजना प्रबंधक के साथ लात-घूंसों से मारपीट और गाली-गलौज करने का मामला सामने आया है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है जिसमें आरोपी महिला अधिकारी के साथ मारपीट और अभद्रता करते साफ नजर आ रहा है। जांच में सामने आया है कि आरोपी योगेश सोनी की पत्नी आरती सोनी इसी कार्यालय में सहायक प्रबंधक के पद पर पदस्थ हैं। आरोपी की पत्नी के खिलाफ आजीविका मिशन में हुए घोटाले को लेकर महिला अधिकारी द्वारा जांच की जा रही थी, जिसके रंजिश के चलते इस घटना को अंजाम दिया गया। इस मामले में बेलबाग थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है।
घटना बेहद निंदनीय
थाना प्रभारी, थाना बेलबाग ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पी.एल. यादव, डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि कार्यालय परिसर में इस तरह की घटना बेहद निंदनीय है, उच्च स्तर पर संज्ञान लिया गया है।
पटवारी से गाली-गलौज और जातिसूचक अभद्रता
दूसरी घटना पनागर तहसील के सिंघलदीप ग्राम पंचायत भवन की है, जहां आरोपी सुनील उपाध्याय ने ऑफिस में घुसकर पटवारी विष्णु सिंह धुर्वे के साथ गाली-गलौज की। आरोपी ने पटवारी पर गलत नक्शा काटने का आरोप लगाते हुए जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया और ऑफिस में घुसकर जान से मारने की धमकी दी। इसका वीडियो भी सामने आया है। घटना के बाद पटवारी विष्णु सिंह धुर्वे ने अपने साथियों के साथ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ SC/ST एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
साक्ष्यों के आधार पर कानूनी कार्रवाई
विष्णु सिंह धुर्वे, पटवारी ने बताया कि “गलत नक्शा काटने का झूठा आरोप लगाकर आरोपी ने ऑफिस में अभद्रता और धमकी दी है, जिसकी शिकायत थाने में दर्ज कराई गई है।” पुलिस दोनों ही मामलों में आरोपियों की तलाश और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



