Pakistan Hindu Temple News: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में करीब 200 साल पुराने रामलीला मंदिर को कथित तौर पर तोड़कर उसकी जमीन पर कमर्शियल प्लाजा बनाने की कोशिश का मामला सामने आया है। हिंदू समुदाय और सामाजिक कार्यकर्ताओं के विरोध के बाद स्थानीय प्रशासन ने शनिवार को मंदिर को अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद इवैक्यूई ट्रस्ट प्रॉपर्टी बोर्ड (ETPB) ने धार्मिक स्थल को सील कर दिया। इस घटना के बाद पाकिस्तान में हिंदू धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
डेरा इस्माइल खान में स्थित है ऐतिहासिक मंदिर
यह मंदिर डेरा इस्माइल खान शहर के रहीम बाजार इलाके में स्थित है। डेरा सिविल सोसाइटी और स्थानीय व्यापार संघ के अध्यक्ष सोहेल अहमद अजमी के मुताबिक, मंदिर को गिराए जाने की जानकारी मिलने पर वह अन्य लोगों के साथ मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य रुकवाया।
मंदिर की जमीन के मालिकाना हक की जांच की मांग
मंदिर को तोड़ने की कथित कोशिश के बाद हिंदू समुदाय और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने जमीन के मालिकाना हक और कमर्शियल प्लाजा बनाने की अनुमति देने वाले अधिकारियों की भूमिका की जांच की मांग की है। उन्होंने इस मामले को पाकिस्तान की संसद में उठाने की भी अपील की।
ETPB बंटवारे के बाद भारत चले गए लोगों की छोड़ी संपत्तियों और अल्पसंख्यकों के धार्मिक स्थलों की देखरेख करता है। बोर्ड ने डेरा इस्माइल खान जिले की करीब 400 इमारतों को ऐतिहासिक धरोहर के रूप में चिह्नित किया है।
अगस्त में भी गिराया गया था हिंदू मंदिर
इससे पहले अगस्त में पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में करीब 100 साल पुराने हिंदू मंदिर के गिराए जाने का मामला सामने आया था। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया था कि मंदिर की जमीन पर मदरसा बनाने के लिए उसे जानबूझकर तोड़ा गया। हालांकि, पाकिस्तान की ओर से दावा किया गया था कि 21 जुलाई को भारी बारिश के कारण मंदिर की इमारत क्षतिग्रस्त होकर गिर गई थी।
पाकिस्तान में अल्पसंख्यकों के धार्मिक स्थलों की सुरक्षा पर सवाल
मंदिरों से जुड़े इन मामलों के बीच पाकिस्तान में हिंदू धार्मिक स्थलों की सुरक्षा और संपत्तियों पर कथित अवैध कब्जे को लेकर चिंता बढ़ी है। ऑल पाकिस्तान हिंदू राइट्स मूवमेंट के अध्यक्ष हारून सरब डायल ने धार्मिक स्थलों को विशेष सुरक्षा देने और धार्मिक संपत्तियों से जुड़े मामलों की जांच कराने की मांग की है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

