अनमोल मिश्रा, सतना। एमपी के सतना के सेमरिया रोड स्थित बाबूपुर में स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) की बहुमूल्य जमीन पर अवैध कब्जे की कोशिश जारी है। भू माफियाओं ने डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने की आड़ में जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया, जिससे इलाके में तनाव की स्थिति बन गई।
जानकारी के अनुसार विवादित जमीन 34 एकड़ 89 डिसमिल है। जिसकी कीमत करीब 153 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इसी जमीन पर आदतन अपराधी बालगोविंद चौधरी के नेतृत्व में करीब 50 से अधिक लोग जुटे और मूर्ति स्थापना की तैयारी में जुट गए। इन लोगों ने स्टे आदेश के बावजूद मौके पर बाबा साहेब की प्रतिमा स्थापित करने की कोशिश की। इसे जमीन कब्जाने की सुनियोजित रणनीति माना जा रहा है।
आरोपियों ने धार्मिक और सामाजिक भावनाओं का सहारा लेकर प्रशासन पर दबाव बनाने की कोशिश की है। चौंकाने वाली बात यह रही कि सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन बिना कोई ठोस कार्रवाई किए वापस लौट गई। वहीं बाबूपुर चौकी पुलिस की भूमिका भी इस दौरान निष्क्रिय नजर आई, जिससे स्थानीय स्तर पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
इससे पहले 5 जनवरी को भी इसी जमीन पर कब्जे की कोशिश की जा चुकी है। जिसे पुलिस ने विफल कर दिया था। लगातार हो रही इन घटनाओं से साफ है कि भूमाफिया संगठित तरीके से इस जमीन को हथियाने की फिराक में हैं। प्रशासनिक अधिकारियों ने यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए तो स्थिति और बिगड़ सकती है।

