० सिरसा में तेज रफ्तार बस ने मचाई तबाही, हादसे के बाद मची चीख-पुकार; पुलिस जांच में जुटी
सिरसा। सिरसा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। हरियाणा रोडवेज की बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली के बीच हुई भीषण टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में दहशत फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान सोनी सिंह (22) निवासी मसीतां के रूप में हुई है, जबकि सुशील कुमार (27) निवासी झूटी खेड़ा गंभीर रूप से घायल हुआ है। बताया जा रहा है कि हादसा उस समय हुआ जब हरियाणा रोडवेज की बस डबवाली से जीवननगर होते हुए रानियां की ओर जा रही थी। बस में उस वक्त करीब 80 से 90 यात्री सवार थे।

ओवरटेक की कोशिश में हुई भिंड़त
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मसीता गांव के पास बस चालक ने ओवरटेक करने का प्रयास किया, तभी बस की ट्रैक्टर-ट्रॉली से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि खिड़की के पास खड़े सोनी सिंह और सुशील कुमार सड़क पर जा गिरे।
हादसे के बाद भी बस की रफ्तार कम नहीं हुई और वह ट्रैक्टर व तूड़ी से भरी ट्रॉली को कई मीटर तक घसीटती चली गई। गंभीर रूप से घायल सोनी सिंह को अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
पुलिस कर रही जाँच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। हादसे के कारणों और चालक की भूमिका की पड़ताल की जा रही है। इस दर्दनाक दुर्घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

