शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल समेत पूरे प्रदेश के आम नागरिकों और संपत्ति की रजिस्ट्री कराने की योजना बना रहे लोगों के लिए एक जरूरी खबर सामने आई है। राज्य सरकार ने आगामी शनिवार (29 अगस्त) को प्रदेश भर के उप पंजीयक (रजिस्ट्रार) कार्यालयों को खुला रखने का अपना फैसला वापस ले लिया है। इस संबंध में वाणिज्यिक कर विभाग के महानिरीक्षक पंजीयन एवं अधीक्षक मुद्रांक, मध्य प्रदेश द्वारा संशोधन आदेश जारी कर दिया गया है।
24 घंटे में बदला फैसला
दरअसल, 27 अगस्त को ही प्रशासन ने एक आदेश जारी कर शनिवार को जिला मुख्यालय स्थित सभी उप पंजीयक कार्यालयों को सामान्य कार्यदिवस की तरह खोलने के निर्देश दिए थे। लेकिन उसी दिन (27 अगस्त) जारी दूसरे आदेश के तहत इस फैसले को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया है। नए आदेश के बाद अब शनिवार, 29 अगस्त को प्रदेश के सभी उप पंजीयक कार्यालय सामान्य रूप से बंद रहेंगे।
वरिष्ठ अधिकारियों को भेजी गई सूचना
महानिरीक्षक पंजीयन कार्यालय द्वारा यह आदेश प्रदेश के सभी वरिष्ठ जिला पंजीयक और जिला पंजीयकों को जारी कर दिया गया है। साथ ही व्यवस्था और समन्वय के लिए संबंधित संभागायुक्त, कलेक्टर, क्षेत्रीय उप महानिरीक्षक पंजीयन, वाणिज्यिक कर विभाग और संपदा परियोजना प्रबंधन इकाई (संपदा प्रोजेक्ट) को भी आदेश की प्रतिलिपि भेज दी गई है। ऐसे में जो लोग शनिवार को अपनी जमीनों, मकानों या प्लॉट्स की रजिस्ट्री की उम्मीद लगाए बैठे थे, उन्हें सलाह दी जाती है कि वे रजिस्ट्रार दफ्तरों का रुख न करें और अपनी अपॉइंटमेंट या योजना अगले कार्यदिवस के हिसाब से तय करें।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


