रायपुर / जयपुर। एसोसिएशन ऑफ हेल्थकेयर प्रोवाइडर्स ऑफ इंडिया (AHPI) छत्तीसगढ़ चैप्टर के सचिव अतुल सिंघानिया को स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में उनके नेतृत्व, व्यावसायिक योगदान के लिए राष्ट्रीय स्तर पर AHPI Emerging Healthcare Leader Award 2026 प्रदान किया गया है. जयपुर में आयोजित AHPI Leadership Summit 2026 के समापन समारोह में राजस्थान शासन में मुख्य सचिव आईएएस वी. श्रीनिवास और नीति आयोग के पूर्व सदस्य डॉ. विनोद के. पॉल ने अतुल सिंघानिया को सम्मानित किया।

एएचपीआई द्वारा प्रदान किया गया यह सम्मान स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में उभरते नेतृत्व को प्रोत्साहित करने तथा ऐसे पेशेवरों के योगदान को पहचान देने की पहल है, जो अपनी संस्थागत जिम्मेदारियों के साथ-साथ व्यापक स्वास्थ्य व्यवस्था के विकास में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

अतुल सिंघानिया पिछले 15 वर्षों से अधिक समय से अस्पताल प्रबंधन एवं स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में कार्यरत हैं। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की वहनीयता एवं सुलभता, चिकित्सा शिक्षा एवं NEET, स्वास्थ्य बीमा तथा अस्पतालों और बीमा कंपनियों के बीच संबंधों जैसे विषयों पर AHPI के माध्यम से नीति-स्तरीय चर्चाओं और सुझावों में योगदान दिया है।

सम्मान प्राप्त करने के बाद अतुल सिंघानिया ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए व्यक्तिगत उपलब्धि से अधिक, एक बड़ी जिम्मेदारी का प्रतीक है। एएचपीआई के राष्ट्रीय नेतृत्व सहित छत्तीसगढ़ चैप्टर अध्यक्ष डॉ. राकेश गुप्ता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि एएचपीआई के साथ जुड़कर उन्हें अस्पताल प्रबंधन की अपनी संस्थागत भूमिका से आगे बढ़कर स्वास्थ्य सेवा व्यवस्था से जुड़े व्यापक विषयों पर काम करने और अपने विचार साझा करने का अवसर मिला है।

उन्होंने श्री नारायणा हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. सुनील खेमका, डॉ. मेघा खेमका तथा पूरे श्री नारायणा हॉस्पिटल परिवार के प्रति भी आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्थान ने उनकी व्यावसायिक यात्रा को एक मजबूत आधार दिया है तथा उन्हें सीखने, आगे बढ़ने और स्वास्थ्य सेवा में योगदान देने के निरंतर अवसर प्रदान किए हैं।

एएचपीआई छत्तीसगढ़ चैप्टर के अध्यक्ष डॉ. राकेश गुप्ता ने कहा कि यह गर्व का विषय है कि अतुल सिंघानिया के योगदान और नेतृत्व क्षमता को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। यह सम्मान उन्हें स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में और व्यापक स्तर पर योगदान देने के लिए प्रेरित करेगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m