रांची। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के संस्थापक और दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि 4 अगस्त को मनाई जाएगी। इसे लेकर पार्टी ने राज्यभर में व्यापक कार्यक्रमों की तैयारी शुरू कर दी है। झारखंड के सभी 24 जिलों में श्रद्धांजलि सभाओं का आयोजन होगा, जबकि उनके पैतृक गांव नेमरा में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

नेमरा में सीएम हेमंत सोरेन करेंगे प्रतिमा का अनावरण

पार्टी के अनुसार, नेमरा के लुकड्यांटांड़ में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शामिल होंगे। इस अवसर पर शिबू सोरेन की आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा। मुख्यमंत्री विभिन्न विकास योजनाओं का ऑनलाइन उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे।

राज्यभर में श्रद्धांजलि सभाएं

झामुमो के महासचिव विनोद पांडेय ने बताया कि सभी जिलों के प्रमुख चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर श्रद्धांजलि सभाएं आयोजित की जाएंगी, ताकि आम लोग भी आसानी से पहुंचकर दिशोम गुरु को श्रद्धासुमन अर्पित कर सकें। कई जिला समितियां प्रमुख स्थानों पर उनकी आदमकद प्रतिमाएं भी स्थापित कर रही हैं।

रांची में रक्तदान शिविर और सेवा कार्यक्रम

रांची जिला झामुमो की ओर से भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। शहर में शिबू सोरेन की आदमकद प्रतिमा स्थापित की जाएगी, जिसके लिए स्थान का चयन किया जा रहा है। इसके अलावा जरूरतमंदों के बीच वस्त्र, फल और दवाइयों का वितरण, रक्तदान शिविर तथा अल्बर्ट एक्का चौक पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित करने की तैयारी की जा रही है।

झामुमो का कहना है कि पहली पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रमों के माध्यम से शिबू सोरेन के संघर्ष, आदिवासी अधिकारों और झारखंड आंदोलन में उनके योगदान को याद किया जाएगा।