धनेश विद्यार्थी, रेवाड़ी। बुधवार को रेवाड़ी और धारूहेड़ा के नगर निकाय चुनाव में पूर्व सांसद अवतार सिंह भड़ाना की एंट्री हो गई। वे दोनों नगरों में आधा दर्जन जगहों पर कांग्रेस प्रत्याशियों के लिए वोट मांगेंगे। उन्होंने बुधवार को जिला रेवाड़ी के कस्बा धारूहेड़ा के जंगल बबलर पर्यटन परिसर में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ निकाय चुनाव को लेकर अहम बैठक की। इस बैठक में उन्होंने संकेत दिया कि वे दो दिन जिला रेवाड़ी में प्रवास करेंगे।

उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी के साथ धारूहेड़ा में हुई मुलाकात और देश के उप प्रधानमंत्री चौधरी देवीलाल के साथ अपने राजनीतिक संबंधों से जुड़ी यादों को भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ ताजा किया। उन्होंने जिला रेवाड़ी, भिवाड़ी और नूंह मेवात क्षेत्र के लोगों से पुराने संबंधों का जिक्र करते हुए कहा कि वे लगातार इन क्षेत्रों में आते रहते हैं। उन्होंने कहा कि उनका बचपन रेवाड़ी क्षेत्र में बीता। वे राष्ट्रीय हाई स्कूल में पढ़े हैं।

उन्होंने इस दो दिवसीय प्रवास के दौरान राजस्थान के गांव मिलकपुर स्थित बाबा मोहनराम के धाम पर बाबा के दर्शन कर वहां दीप जलाने जाने की बात कही। उन्होंने कहा कि उन्होंने राजनीति में जो मुकाम हासिल हुआ, वह सब बाबा का आशीर्वाद है। पूर्व सांसद चौधरी अवतार सिंह भडाना कस्बा धारूहेड़ा और रेवाड़ी के नगर निकाय चुनाव को लेकर कहा कि पार्टी ने जहां भी उनकी ड्यूटी लगाई है, वो वहां कांग्रेस के लिए वोट मांगेंगे। उन्होंने भाजपा सरकार के सबका साथ सबका विकास के नारे को लेकर कहा कि धारूहेड़ा में विकास कहां है? गंदा पानी भरा हुआ है, यह बहुत बड़ी समस्या है। जनता परेशान है। कांग्रेस ने काम किए हैं और उनको विश्वास है कि दोबारा कांग्रेस की सरकार बनेगी।

उन्होंने कहा कि मैं इस निकाय चुनाव में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जीत का यही मंत्र दूंगा कि वे एकजुट होकर कांग्रेस को नीचे से शिखर पर बिठाने का काम करेंगे। हमारी कामयाबी हमारी ताकत में छुपी है। इस बैठक के बाद में पूर्व सांसद ने बंगाल विधानसभा चुनाव के हाल परिणाम पर उन्होंने कहा कि बीजेपी तो हिंदू मुस्लिम करती है। बंगाल और दूसरी जगह उसने यही किया। पूर्व सांसद चौधरी अवतार सिंह भडाना एक सवाल के जवाब में रेवाड़ी और धारूहेड़ा दोनों ही जगह कांग्रेस के अध्यक्ष बनेंगे। भाजपा ने हमेशा लोगों के साथ धोखा किया है। उन्होंने बताया कि गुरुवार को उनका दौरा रेवाड़ी क्षेत्र में होगा, जहां कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा चुनावी कार्यक्रमों में शामिल होंगे।

इस प्रैसवार्ता में धारूहेड़ा से कांग्रेस प्रत्याशी के पति ज्ञानी यादव, कांग्रेस के ग्रामीण जिला अध्यक्ष सुभाष छावड़ी, एडवोकेट सतीश गुर्जर, राव मनजीत जैलदार, पूर्व जिला अध्यक्ष कुंवर दीवान सिंह चौहान, कृष्ण कुमार लखेरा राष्ट्रीय सचिव किसान कांग्रेस राजस्थान प्रभारी समेत अन्य कांग्रेस नेता मौजूद रहे। इस मौके पर आधा दर्जन कांग्रेस नेताओं ने पूर्व सांसद अवतार सिंह भड़ाना का गुलदस्ते भेंट कर स्वागत किया।