जालंधर। चीन के हैनान शहर में आयोजित ‘एशियन पावरलिफ्टिंग फेडरेशन चैंपियनशिप’ में पंजाब की होनहार बेटी अवलीन कौर ने अपनी ताकत का लोहा मनवाते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और राज्य का नाम रोशन किया है। जालंधर के नूरमहल के पास स्थित गांव भल्लोवाल की रहने वाली अवलीन ने सब-जूनियर कैटेगरी में शानदार प्रदर्शन करते हुए चार चांदी के पदक (सिल्वर मेडल) अपने नाम किए हैं।
कुल 425 किलोग्राम वजन उठाकर रचा इतिहास
इस प्रतिष्ठित चैंपियनशिप के दौरान अवलीन कौर ने विभिन्न श्रेणियों में अपनी अद्भुत क्षमता का प्रदर्शन किया। उन्होंने कुल मिलाकर 425 किलोग्राम भार उठाकर यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। अवलीन द्वारा जीते गए मेडल का विवरण इस प्रकार है: स्कवैट 190 किलोग्राम भार उठाकर जीता सिल्वर मेडल। बेंच प्रेस 85 किलोग्राम भार उठाकर हासिल किया सिल्वर मेडल। डेडलिफ्ट 150 किलोग्राम भार उठाकर अपने नाम किया सिल्वर मेडल और ओवरऑल कैटेगरी में कुल 425 किलोग्राम भार के साथ उन्होंने ओवरऑल श्रेणी में भी देश की झोली में चौथा सिल्वर मेडल डाला।
गांव भल्लोवाल में जश्न का माहौल, बांटी मिठाइयां
पावरकॉम (PSPCL) में कार्यरत गुरविंदर सिंह की बेटी अवलीन कौर की इस बड़ी कामयाबी की खबर जैसे ही उनके पैतृक गांव भल्लोवाल पहुंची, तो पूरे इलाके में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने ढोल की थाप पर भांगड़ा डाला और लड्डू बांटकर इस ऐतिहासिक जीत का जश्न मनाया। अवलीन के घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।

राजनीतिक और सामाजिक हस्तियों ने दी बधाई
अवलीन की इस शानदार कामयाबी पर इलाके की प्रमुख शख्सियतों ने गहरी खुशी व्यक्त की है। हलका विधायक बीबी इंद्रजीत कौर मान, पूर्व विधायक गुरप्रताप सिंह वडाला, डॉ. नवजोत दहिया, मार्केट कमेटी नूरमहल के चेयरमैन लखवीर सिंह शीर, दिनेश कुमार निक्कू, नंद किशोर और मशहूर पंजाबी गायक के.एस. मक्खन सहित कई दिग्गजों ने अवलीन कौर और उनके परिवार को फोन व सोशल मीडिया के जरिए बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। इलाका निवासियों का कहना है कि अवलीन ने खेल के क्षेत्र में बेटियों के लिए एक नई मिसाल पेश की है।
- राजधानी में ‘आजादी की धुन’ में गूंजा देशभक्ति का सुर, 100 युवा कलाकारों ने दी लाइव बैंड प्रस्तुति, मुख्यमंत्री साय ने बढ़ाया उत्साह
- राम मंदिर ट्रस्ट के CEO की तलाश में 5,585 आवेदन, अब 16 दावेदारों में से चुने जाएंगे तीन नाम
- भू-माफिया जफर खान पर एक और धोखाधड़ी का केस, एक ही जमीन के सौदों में लाखों की हेराफेरी का आरोप, एक दर्जन से ज्यादा केस दर्ज होने का दावा
- CG News: नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी को 20 साल की सजा, फास्ट ट्रैक ने सुनाया फैसला
- सरकारी इमारतों का होगा कायाकल्प! 28 आवासों समेत वाशी-हल्द्वानी प्रोजेक्ट की समीक्षा


