Lifestyle Desk – गर्मी के मौसम में छुट्टियों का मजा लेने के लिए लोग अक्सर पहाड़ों, समुद्र तटों या ठंडी जगहों का रुख करते हैं. लेकिन इस दौरान की गई कुछ आम गलतियां सेहत पर भारी पड़ सकती हैं. खासकर डिहाइड्रेशन यानी शरीर में पानी की कमी, जो ट्रैवल के दौरान तेजी से बढ़ने वाली समस्या है. विशेषज्ञों के अनुसार, यात्रा के समय शरीर को सामान्य दिनों की तुलना में अधिक पानी की जरूरत होती है, लेकिन लोग अक्सर इसे नजरअंदाज कर देते हैं. आइए इस विषय में विस्तार से जानते हैं.

क्यों बढ़ जाता है डिहाइड्रेशन का खतरा?
ट्रैवल के दौरान तेज धूप, लंबे समय तक सफर, पसीना आना और खानपान की अनियमितता शरीर से पानी की मात्रा को तेजी से कम करती है. कई बार लोग सफर के दौरान पानी कम पीते हैं ताकि बार-बार वॉशरूम न जाना पड़े. यही आदत धीरे-धीरे डिहाइड्रेशन का कारण बनती है. इसके अलावा कैफीन या शुगरी ड्रिंक्स का अधिक सेवन भी शरीर को हाइड्रेट करने की बजाय डिहाइड्रेट कर सकता है.
डिहाइड्रेशन के लक्षण पहचानना जरूरी
डिहाइड्रेशन के शुरुआती संकेतों में सिरदर्द, चक्कर आना, थकान, मुंह का सूखना और गहरे रंग का यूरिन शामिल हैं. यदि समय रहते ध्यान न दिया जाए तो यह स्थिति गंभीर हो सकती है और हीट स्ट्रोक जैसी समस्या का कारण बन सकती है.
ट्रैवल के दौरान कैसे रखें खुद को हाइड्रेट?
विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि यात्रा के दौरान हर 30-40 मिनट में थोड़ी-थोड़ी मात्रा में पानी पीते रहें. सिर्फ पानी ही नहीं, बल्कि नारियल पानी, नींबू पानी, छाछ या फ्रूट जूस जैसे प्राकृतिक पेय भी शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद करते हैं. अपने साथ हमेशा एक पानी की बोतल जरूर रखें और जहां भी संभव हो, उसे भरते रहें.
सही कपड़े का चुनाव क्रेन
इसके अलावा हल्के और ढीले कपड़े पहनना भी जरूरी है ताकि शरीर को ज्यादा गर्मी महसूस न हो. धूप में निकलते समय टोपी, सनग्लास और सनस्क्रीन का इस्तेमाल करें. कोशिश करें कि दोपहर 12 से 3 बजे के बीच बाहर कम निकलें, क्योंकि इस समय धूप सबसे तेज होती है.
खानपान का भी रखें ध्यान
यात्रा के दौरान तले-भुने और भारी खाने से बचें. इसकी जगह फल, सलाद और पानी से भरपूर चीजें जैसे खीरा, तरबूज और संतरा शामिल करें. ये न सिर्फ शरीर को ठंडा रखते हैं बल्कि पानी की कमी भी पूरी करते हैं.
छोटी सावधानियां, बड़ी सुरक्षा
डिहाइड्रेशन से बचाव के लिए सबसे जरूरी है जागरूकता. अगर आप अपनी बॉडी के सिग्नल्स को समझते हैं और समय-समय पर पानी पीते रहते हैं, तो इस समस्या से आसानी से बचा जा सकता है. ट्रैवल का असली मजा तभी है जब आप स्वस्थ रहें, इसलिए अगली बार यात्रा पर निकलें तो हाइड्रेशन को अपनी प्राथमिकता जरूर बनाएं.
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

