Lifestyle Desk – फ्लॉलेस और नेचुरल मेकअप लुक हर किसी को पसंद आता है। खासतौर पर जब फाउंडेशन सही तरीके से अप्लाई किया जाए तो चेहरे की स्किन टोन एकसार नजर आती है और मेकअप भी लंबे समय तक टिका रहता है। लेकिन कई बार फाउंडेशन लगाने के कुछ समय बाद चेहरे पर पैचेज, क्रैक्स या लेयर्ड बेस नजर आने लगता है। ऐसे में मेकअप का पूरा लुक खराब हो सकता है। दरअसल, फाउंडेशन का फिनिश केवल प्रोडक्ट पर निर्भर नहीं करता, बल्कि उसे लगाने का तरीका भी काफी मायने रखता है। अगर आपके साथ भी ऐसी परेशानी होती है, तो हो सकता है कि आप ये कॉमन गलतियां कर रही हों और आइये जानते हैं इस से कैसे बचें।

स्किन को बिना तैयार किए फाउंडेशन लगाना

मेकअप से पहले स्किन को तैयार करना सबसे जरूरी स्टेप्स में से एक है। अगर त्वचा बहुत ड्राई है और उस पर सीधे फाउंडेशन लगा दिया जाए, तो बेस जगह-जगह से सूखा और पैची दिखाई दे सकता है। वहीं बहुत ऑयली स्किन पर सही तैयारी न होने से फाउंडेशन जल्दी अलग होने लग सकता है।फाउंडेशन लगाने से पहले चेहरे को साफ करें और अपनी स्किन टाइप के अनुसार मॉइस्चराइजर लगाएं। दिन के समय मेकअप कर रही हैं तो सनस्क्रीन भी लगाना जरूरी है। इसके बाद स्किन केयर प्रोडक्ट्स को कुछ मिनट सेट होने दें और फिर मेकअप शुरू करें।

जरूरत से ज्यादा फाउंडेशन लगा लेना

फाउंडेशन का ज्यादा इस्तेमाल चेहरे को फ्लॉलेस बनाने के बजाय भारी और केकी दिखा सकता है। कई लोग दाग-धब्बे छिपाने के लिए पूरे चेहरे पर मोटी लेयर लगा लेते हैं। इससे फाइन लाइंस में प्रोडक्ट जमा हो सकता है और कुछ समय बाद बेस क्रैक नजर आने लगता है। इसलिए शुरुआत में कम मात्रा में फाउंडेशन लगाएं और जरूरत के अनुसार धीरे-धीरे दूसरी पतली लेयर बनाएं। जहां ज्यादा कवरेज चाहिए, वहां कंसीलर का इस्तेमाल करना बेहतर विकल्प हो सकता है।

गलत शेड चुनना

फाउंडेशन का सही शेड चुनना भी फ्लॉलेस बेस के लिए बेहद जरूरी है। बहुत ज्यादा हल्का या डार्क फाउंडेशन चेहरे और गर्दन के रंग में अंतर पैदा कर सकता है। इससे मेकअप आर्टिफिशियल दिखाई देने लगता है। फाउंडेशन खरीदते समय इसे केवल हाथ पर टेस्ट करने के बजाय जब संभव हो, तो जॉलाइन के आसपास टेस्ट करें। अपनी स्किन के अंडरटोन को समझना भी जरूरी है, क्योंकि सही अंडरटोन वाला फाउंडेशन त्वचा पर ज्यादा नेचुरल दिखाई देता है।

फाउंडेशन को गलत तरीके से ब्लेंड करना

फाउंडेशन की ब्लेंडिंग सही न हो तो बेस पर पैचेज और स्ट्रोक्स नजर आ सकते हैं। ब्रश या स्पंज को चेहरे पर बहुत ज्यादा रगड़ने से प्रोडक्ट एक जगह से हट भी सकता है।फाउंडेशन को चेहरे पर छोटे-छोटे डॉट्स में लगाकर धीरे-धीरे ब्लेंड करें। मेकअप स्पंज इस्तेमाल कर रही हैं तो उसे हल्का गीला करके अतिरिक्त पानी निकाल दें और फिर टैपिंग मोशन में फाउंडेशन ब्लेंड करें। ब्रश का इस्तेमाल करने पर भी हल्के हाथों से प्रोडक्ट को ब्लेंड करना बेहतर रहता है।

इन बातों का भी रखें ध्यान

फ्लॉलेस बेस के लिए केवल फाउंडेशन लगाने का तरीका ही नहीं, बल्कि सही प्रोडक्ट चुनना भी जरूरी है। अपनी स्किन टाइप और जरूरत के अनुसार फाउंडेशन चुनें। साथ ही मेकअप की हर लेयर को जरूरत के मुताबिक सेट होने का थोड़ा समय दें। आखिर में हल्का सेटिंग पाउडर या सेटिंग स्प्रे इस्तेमाल किया जा सकता है। सही तैयारी, कम प्रोडक्ट और अच्छी ब्लेंडिंग के साथ आपका बेस ज्यादा नेचुरल और लंबे समय तक खूबसूरत नजर आ सकता है।