Lifestyle Desk – भारतीय रसोई में आलू का इस्तेमाल सबसे ज्यादा होने वाली सब्जियों में किया जाता है. चाहे आलू की सूखी सब्जी हो, पराठा, टिक्की, चाट या फिर स्नैक्स, लगभग हर घर में रोज किसी न किसी रूप में आलू जरूर बनता है. लेकिन कई बार लोग शिकायत करते हैं कि आलू उबालने के बाद बहुत ज्यादा गल जाता है, उसका स्वाद फीका लगता है या फिर वह सही तरीके से मैश नहीं होता. विशेषज्ञों के अनुसार, इसके पीछे आलू की गुणवत्ता नहीं बल्कि उसे उबालने का गलत तरीका जिम्मेदार होता है. कुछ छोटी-छोटी गलतियां पूरे व्यंजन का स्वाद और टेक्सचर खराब कर सकती हैं. तो आइए जानते हैं क्या है वो ग़लतियाँ जो नहीं करनी है.

गर्म पानी में आलू डालना
कई लोग समय बचाने के लिए पहले पानी को उबाल लेते हैं और फिर उसमें आलू डालते हैं. यह सबसे आम गलती मानी जाती है. ऐसा करने से आलू बाहर से जल्दी पकने लगता है, जबकि अंदर का हिस्सा कच्चा रह सकता है. बेहतर परिणाम के लिए हमेशा आलू को ठंडे पानी में डालकर ही उबालना चाहिए. इससे आलू समान रूप से पकता है और उसकी बनावट भी अच्छी रहती है.
बहुत छोटे या कटे हुए आलू उबालना
कुछ लोग आलू को जल्दी पकाने के लिए उसे छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर उबालते हैं. इससे आलू का स्टार्च और पोषक तत्व पानी में घुल सकते हैं. साथ ही आलू जरूरत से ज्यादा नरम होकर टूटने लगता है. यदि किसी खास रेसिपी की आवश्यकता न हो तो आलू को छिलके सहित पूरा उबालना बेहतर माना जाता है.
जरूरत से ज्यादा पानी का इस्तेमाल
आलू उबालते समय बर्तन में बहुत ज्यादा पानी भर देना भी एक गलती है. अत्यधिक पानी में लंबे समय तक उबलने से आलू का प्राकृतिक स्वाद कम हो सकता है. पानी इतना ही होना चाहिए कि आलू पूरी तरह उसमें डूब जाए.
नमक न डालना
कई लोग आलू उबालते समय पानी में नमक नहीं डालते. हालांकि हल्का नमक डालने से आलू के अंदर तक स्वाद पहुंचता है. खासतौर पर यदि आलू का उपयोग सलाद, चाट या मैश्ड पोटैटो जैसी डिश में करना हो तो उबालते समय थोड़ा नमक डालना फायदेमंद रहता है.
ज्यादा देर तक उबालना
आलू को आवश्यकता से अधिक देर तक उबालने से वह पानी सोख लेता है और उसकी बनावट खराब हो जाती है. इससे पराठे, टिक्की या कटलेट बनाते समय मिश्रण चिपचिपा हो सकता है. आलू पक गया है या नहीं, यह जांचने के लिए चाकू या कांटे की मदद लें. यदि वह आसानी से अंदर चला जाए तो आलू तैयार है.
उबालने के बाद तुरंत पानी में छोड़ देना
उबले हुए आलू को गैस बंद करने के बाद लंबे समय तक गर्म पानी में छोड़ना भी सही नहीं है. इससे आलू और ज्यादा गल सकता है. उबालने के तुरंत बाद पानी निकाल दें और आलू को ठंडा होने के लिए अलग रख दें.
सही किस्म का आलू न चुनना
हर रेसिपी के लिए एक जैसा आलू उपयुक्त नहीं होता. पराठे, टिक्की और मैश्ड पोटैटो के लिए ज्यादा स्टार्च वाले आलू अच्छे माने जाते हैं, जबकि सलाद और सब्जी के लिए ऐसे आलू बेहतर होते हैं जो उबलने के बाद अपना आकार बनाए रखें.

