मयंक श्रीवास्तव, अयोध्या. रामनगरी में दीपोत्सव के 10वें संस्करण का आज भव्य आगाज हो गया है. साकेत महाविद्यालय से निकली ऐतिहासिक शोभायात्रा को पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. ढोल-नगाड़ों, शंखनाद और जय श्रीराम के उद्घोष के बीच पूरी रामनगरी राममय हो गई. साकेत महाविद्यालय से शुरू हुई यह शोभायात्रा लगभग 3 किलोमीटर की यात्रा तय कर रामकथा पार्क पहुंचेगी. यात्रा का मुख्य मार्ग रामपथ रहा, जहां जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर झांकियों का भव्य स्वागत किया. इस बार शोभायात्रा में कुल 21 भव्य झांकियां शामिल हैं, जिनमें रामायण के सातों कांडों के प्रमुख प्रसंगों को 14 विशेष झांकियों के जरिए 3डी मॉडल और लोककला के माध्यम से दर्शाया जा रहा है.
सुबह 10 बजे शुरू हुई यह यात्रा दोपहर 2 बजे तक रामकथा पार्क पहुंचेगी. रामपथ पर जगह-जगह लोक कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति दी. देश के विभिन्न राज्यों से आए 650 से ज्यादा कलाकार अपनी लोक संस्कृति का प्रदर्शन कर रहे हैं. कहीं अवधी लोकनृत्य, कहीं बुंदेली, कहीं ब्रज की झलक देखने को मिली, पूरी यात्रा लोककला से सराबोर नजर आई.
इसे भी पढ़ें : 2017 में जली संकल्प की लौ, अब अयोध्या के दीपोत्सव ने दुनिया में बनाई नई पहचान: योगी
प्रदेश के पर्यटन मंत्री जसवीर सिंह ने कहा कि यह कार्यक्रम अलौकिक, भव्य और दिव्य है. उन्होंने कहा कि इससे बड़ा गौरान्वित करने वाला पर्व सनातनियों के लिए कोई हो ही नहीं सकता.पर्यटन मंत्री ने कहा कि दीपोत्सव की शुरुआत हो रही है. यह पूरे विश्व में सनातन परंपराओं और अपनी विरासत को सम्मान देने का अवसर है.मंत्री जसवीर सिंह ने बताया कि इस बार दीपोत्सव में रामायण के सातों अध्यायों के आधार पर झांकियां निकाली जा रही हैं. उन्होंने कहा कि आगे के कार्यक्रम में लोगों को राम में अयोध्या, सनातन में अयोध्या और विरासत में अयोध्या दिखाई पड़ेगी.दीपोत्सव में रिकॉर्ड को लेकर मंत्री ने कहा कि हम लोग हर बार दीपोत्सव के कार्यक्रम को नया कीर्तिमान बनाकर अपना ही कीर्तिमान तोड़ते हैं. इस साल भी पिछले नौ कीर्तिमानों को तोड़ते हुए हर कार्यक्रम में नया कीर्तिमान स्थापित करेंगे.उन्होंने कहा कि अयोध्या का दीपोत्सव अब सिर्फ उत्तर प्रदेश का नहीं, बल्कि पूरे विश्व का पर्व बन चुका है..
इस मौके पर अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी, रुदौली विधायक रामचंद्र यादव सहित अन्य भाजपा नेता और बड़ी संख्या में अधिकारी मौजूद रहे. रामकथा पार्क में शोभायात्राओं के पहुंचने के बाद भरत मिलाप और भगवान श्रीराम के राज्याभिषेक से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे… बता दे कि आज शाम सरयू घाट के राम की पैड़ी पर मुख्य कार्यक्रम होगा, जिसमें उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे. शाम को राम की पैड़ी पर लाखों दीयों, लेजर शो और 2100 स्वदेशी ड्रोनों से रामायण आधारित आकाशीय शो का भव्य आयोजन होगा. रामनगरी एक बार फिर दीपों की रोशनी से जगमगाने को तैयार है.

