मयंक श्रीवास्तव, अयोध्या. रामनगरी मे ऋतु परिवर्तन को ध्यान में रखते हुए श्रीरामजन्मभूमि मंदिर में विराजमान प्रभु श्रीरामलला सरकार की दैनिक पूजा, आरती, भोग, विश्राम और दर्शन की समय-सारणी में बदलाव किया गया है. नई व्यवस्था रविवार, 1 नवंबर 2026 से लागू होगी. इसके तहत मंदिर के पट अब सुबह 4 बजे खुलेंगे और रात 10 बजे बंद होंगे. वर्तमान में मंदिर के पट सुबह 3:45 बजे खुलते हैं और रात 10:30 बजे बंद होते हैं.

नई व्यवस्था के अनुसार सुबह 4:30 से 4:40 बजे तक मंगला आरती होगी. इसके बाद सुबह 6:30 बजे श्रृंगार आरती और सुबह 7 बजे से श्रद्धालुओं के दर्शन शुरू होंगे. सुबह 8 बजे से 8:10 बजे तक बालभोग के लिए पट बंद रहेंगे. सुबह 11:30 बजे राजभोग की प्रक्रिया शुरू होगी और दोपहर 12 बजे राजभोग आरती होगी.

इसे भी पढ़ें : राहुल गांधी अमित शाह मानहानि केस में बरी, सुल्तानपुर कोर्ट के फैसले पर कांग्रेसियों ने मनाया जश्न

दोपहर 12:30 से 1:30 बजे तक प्रभु श्रीरामलला विश्राम करेंगे. इसके बाद पुजारी प्रवेश और अल्पभोग की प्रक्रिया पूरी होने पर दोपहर 1:35 बजे से दर्शन दोबारा शुरू होंगे. शाम 4 बजे से 4:10 बजे तक बालभोग के लिए पट बंद रहेंगे. शाम 7 बजे संध्या आरती होगी. रात 9:30 बजे शयन आरती के बाद रात 10 बजे मंदिर के पट बंद कर दिए जाएंगे.नई समय-सारणी लागू होने से श्रद्धालुओं को दर्शन के लिए निर्धारित समय का ध्यान रखना होगा.