मयंक श्रीवास्तव, अयोध्या. विख्यात ‘अयोध्या की रामलीला’ का मंचन इस वर्ष और भी भव्य और दिव्य रूप से होगा लेकिन अयोध्या दर्शकों इसका आनंद नहीं ले सकेंगे. इस साल दशहरे में फिल्म कलाकारों की रामलीला का मंचन अयोध्या में न होकर दिल्ली में होगा जिसमें इस साल मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 रही केजिया लिज मेजो (Kaziah Liz Mejo) माता सीता की भूमिका में और सांसद एवं भोजपुरी फिल्मों के सुपर स्टार रवि किशन प्रभु राम की भूमिका में नजर आएंगे.

यह भव्य आयोजन 10 से 20 अक्टूबर तक दिल्ली के प्रतिष्ठित कॉन्स्टिट्यूशन क्लब के मावलंकर हॉल में किया जाएगा,. जहां भव्य सेट, अत्याधुनिक तकनीक और विशाल एलईडी स्क्रीन के माध्यम से रामकथा को जीवंत किया जाएगा.

इसे भी पढ़ें : यूपी में बड़ा खुलासा: सीसीटीवी कैमरे से छेड़छाड़ कर करोड़ों की चपत, जानिए कैसे हुआ सबसे अनोखा फास्टैग घोटाला

अयोध्या की रामलीला समिति के संस्थापक अध्यक्ष सुभाष मलिक ने यह जानकारी दी.. उन्होंने बताया कि पिछले सात वर्षों से लगातार अयोध्या की पावन धरती पर इस रामलीला का भव्य आयोजन किया जा रहा था. पिछले वर्ष इस रामलीला को ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यमों से लगभग 62 करोड़ दर्शकों ने देखा था.सुभाष मलिक के मुताबिक इस वर्ष की रामलीला में कई दिग्गज कलाकार विभिन्न पात्रों को जीवंत करेंगे.

जिसमें सांसद रवि किशन प्रभु राम की भूमिका में, रज़ा मुराद रावण की भूमिका में, बिंदु दारा सिंह कुंभकरण की भूमिका में, अवतार गिल मेघनाद की भूमिका में और पुनीत इस्सर परशुराम जी की भूमिका में नजर आएंगे. इसके अलावा सांसद एवं भोजपुरी फिल्म स्टार मनोज तिवारी और अरुण बख्शी सहित कई जाने-माने कलाकार विभिन्न महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे.