Ayushman Bharat Yojana Haryana : चंडीगढ़। हरियाणा में आयुष्मान योजना के तहत इलाज कराने वाले मरीजों के लिए बड़ी चिंता वाली खबर सामने आई है। प्रदेश के करीब 480 अस्पतालों के लगभग ₹1,200 करोड़ के क्लेम भुगतान लंबे समय से अटके हुए हैं। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) के मुताबिक, अस्पतालों द्वारा किए गए इन क्लेम का भुगतान छह महीने से अधिक समय से लंबित है। इससे अस्पताल संचालकों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

लंबित भुगतान को लेकर IMA ने आयुष्मान हरियाणा के CEO को पत्र भेजकर बकाया राशि जल्द जारी करने की मांग की है। IMA का कहना है कि लंबे समय से भुगतान नहीं होने के कारण अस्पतालों के संचालन और वित्तीय व्यवस्था पर दबाव बढ़ रहा है।

मामले का समाधान नहीं होने पर IMA ने आंदोलन का ऐलान किया है। संगठन की ओर से 1 सितंबर को 24 घंटे का सांकेतिक बंद रखने की चेतावनी दी गई है। इसके बावजूद भुगतान जारी नहीं हुआ तो 16 सितंबर से आयुष्मान योजना के तहत सेवाएं पूरी तरह बंद करने की चेतावनी दी गई है।

ऐसे में यदि समय रहते लंबित क्लेम का भुगतान नहीं हुआ तो इसका सीधा असर आयुष्मान योजना के लाभार्थियों को मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ सकता है। अब सभी की नजर आयुष्मान हरियाणा प्रशासन की ओर से इस मामले में उठाए जाने वाले कदम पर है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m