बदायूं. दातागंज तहसील क्षेत्र के गांव सैजनी में स्थित एचपीसीएल के सीबीजी (कंप्रेस्ड बायो गैस) प्लांट में गुरुवार को प्लांट में फायरिंग हो गई. जिसमें प्लांट के उप महाप्रबंधक सुधीर गुप्ता और सहायक मुख्य प्रबंधक हर्षित मिश्रा की गोली मारकर हत्या कर दी गई. इस मामले की जांच के लिए सीएम योगी के निर्देश पर मंडलायुक्त बरेली की अध्यक्षता में एक SIT का भी गठन किया गया है. साथ ही प्लांट की सुरक्षा के लिए पुलिस चौकी की स्थापना भी की गई है.

सीएम योगी ने इस संबंध में एक पोस्ट साझा कर लिखा है कि ‘जनपद बदायूं के CBG प्लांट की दुर्भाग्यपूर्ण घटना पर त्वरित कार्रवाई की गई है. निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच हेतु मंडलायुक्त बरेली की अध्यक्षता में एक SIT का भी गठन किया गया है. इस संबंध में अवगत कराना है कि दोषी पहले ही गिरफ्तार है, परंतु इसके बाद भी कोई साजिश की संभावना दिखती है तो प्रदेश सरकार के अपराध एवं अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी. CBG प्लांट की सुरक्षा को सुदृढ़ करने के लिए पुलिस चौकी की स्थापना कर दी गई है, मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं.’

इसे भी पढ़ें : स्वजातीय माफियाओं और अपराधियों को…डिप्टी मैनेजर हर्षित मिश्रा मर्डर को लेकर अखिलेश यादव ने सरकार को घेरा, लगाए गंभीर आरोप

बता दें कि नौकरी और अनाधिकृत कार्य करने को लेकर पिछले 6 महीने से चल रहा ये विवाद खूनखराबे तक पहुंच गया. हत्या करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. वहीं इस मामले में मृतक हर्षित मिश्रा की मां ने आरोप लगाया है कि इस मामले में ठाकुरों ने मिलकर उनके बेटे की हत्या की है. इतना ही नहीं अखिलेश यादव ने इस मामले को लेकर सवाल उठाए हैं. उन्होंने प्रश्नचिन्ह लगाते हुए कहा है कि जाति के अधिकारियों की तैनाती कर स्वजातीय माफ़ियाओं और अपराधियों को संरक्षण दिया जा रहा है.