बागपत. उत्तर प्रदेश के बागपत में ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर रविवार देर रात श्रद्धालुओं से भरी कैंटर पलटने से बड़ा हादसा हो गया. हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि 22 से ज्यादा श्रद्धालु घायल हुए हैं. सभी लोग राजस्थान के बागड़ धाम में दर्शन करने के बाद बदायूं लौट रहे थे. हादसा रात करीब एक बजे खेकड़ा कोतवाली क्षेत्र में बसी और बड़ा गांव के बीच हुआ.

इसे भी पढ़ें- ज्ञान के साथ जीवन मूल्य और दायित्वबोध शिक्षा का आधार बने : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

डिवाइडर से टकराकर पलटी कैंटर

बताया जा रहा है कि कैंटर में सवार श्रद्धालु रात में सफर के दौरान सो रहे थे. अचानक कैंटर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और पलट गई. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह कैंटर में फंसे घायलों को बाहर निकाला. सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को जिला अस्पताल भेजा.

अस्पताल में छह लोगों को मृत घोषित किया

जिला अस्पताल में फार्मासिस्ट मुकेश कुमार के मुताबिक, 22 घायल अस्पताल लाए गए थे. प्राथमिक उपचार के बाद इनमें से 18 घायलों को मेरठ के हायर सेंटर रेफर कर दिया गया. डॉक्टरों ने छह लोगों को मृत घोषित कर दिया. एसपी सूरज कुमार राय के अनुसार, अभी सुगड़पाल यादव (40) और राजेश्वर सिंह (42) की पहचान हो सकी है. अन्य मृतकों की पहचान की जा रही है.

पीछे से टक्कर लगने का भी दावा

हादसे में घायल कुंवरपाल ने बताया कि कैंटर में सवार लोग रात में सो रहे थे. अचानक तेज आवाज हुई और वाहन पलट गया. उनके मुताबिक, ड्राइवर ने बताया कि पीछे से आ रहे किसी वाहन ने कैंटर में टक्कर मार दी थी, जिसके बाद वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया. हालांकि, पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है.

DM-SP ने अस्पताल पहुंचकर जाना हाल

हादसे की सूचना मिलते ही डीएम अस्मिता लाल और एसपी सूरज राय जिला अस्पताल पहुंचे. अधिकारियों ने घायलों का हालचाल जाना और स्वास्थ्य कर्मियों को बेहतर इलाज के निर्देश दिए. पुलिस मृतकों की पहचान और हादसे की परिस्थितियों की जांच में जुटी है. घायलों के परिजनों को फोन के जरिए घटना की सूचना दी गई है.