बहादुरगढ़। शहर की लाइसेंस प्राप्त कॉलोनियों में किए गए अवैध निर्माण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बुलडोजर चलाया। झज्जर रोड स्थित ओमेक्स सिटी में डीटीपी विभाग की टीम ने अवैध कब्जों को हटाने की कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान स्थानीय लोगों ने विरोध जताया, जिसके चलते करीब एक घंटे तक तोड़फोड़ की प्रक्रिया रुकी रही। लोगों का कहना था कि उन्होंने घरों के बाहर पेड़-पौधों की सुरक्षा के लिए फेंसिंग लगाई थी, जिसे प्रशासन द्वारा हटाया जा रहा है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा।
हाईकोर्ट के आदेश तहत हुई कार्रवाई
मौके पर मौजूद ड्यूटी मजिस्ट्रेट एवं नायब तहसीलदार प्रवीण शर्मा ने बताया कि यह कार्रवाई पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के आदेश के तहत की जा रही है। उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील भी की।
हर हाल में हटाया जाएगा अवैध अतिक्रमण
वहीं एटीपी सतीश कुमार ने स्पष्ट किया कि अवैध अतिक्रमण को हर हाल में हटाया जाएगा और इस दौरान किसी भी पेड़-पौधे को नुकसान नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि आने वाले दिनों में शहर की अन्य लाइसेंस प्राप्त कॉलोनियों में भी डीटीपी विभाग द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी। यह अभियान लगातार कई दिनों तक जारी रहेगा।

