बहादुरगढ़ । नगर परिषद की चेयरपर्सन सरोज राठी एक बार फिर विवादों में आ गई हैं। इस बार इनेलो नेता एवं पैक्स डायरेक्टर कपूर राठी ने उन पर दो वोट बनवाने का आरोप लगाते हुए उपमंडल अधिकारी (एसडीएम) को लिखित शिकायत सौंपी है। शिकायत में मामले की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।

कपूर राठी का आरोप है कि वर्ष 2026 की विधानसभा चुनाव की मतदाता सूची और वर्ष 2022 के नगर परिषद चुनाव की मतदाता सूची में सरोज राठी के नाम से दो-दो वोट दर्ज हैं। शिकायत के अनुसार विधानसभा मतदाता सूची में बूथ नंबर 142 पर वोट नंबर 196 तथा बूथ नंबर 161 पर वोट नंबर 540 पर उनका नाम दर्ज है।

शिकायत में दावा किया गया है कि दोनों मतदाता प्रविष्टियों में दर्ज उम्र में चार वर्ष का अंतर है और दोनों के अलग-अलग EPIC नंबर हैं। आरोप के मुताबिक एक वोट का EPIC नंबर FNN1307553 और दूसरे का FNN1307537 है।

इसके अलावा कपूर राठी ने आरोप लगाया है कि नगर परिषद चुनाव की मतदाता सूची में भी वार्ड नंबर 16 में वोट नंबर 154 और 3531 पर सरोज राठी के नाम से दो वोट दर्ज हैं।

इनेलो नेता ने एसडीएम से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और यदि आरोप सही पाए जाएं तो चेयरपर्सन सरोज राठी के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी सरोज राठी पर स्टैम्प ड्यूटी में कथित हेरफेर के आरोप लग चुके हैं। उस मामले में प्रशासन की ओर से स्टैम्प ड्यूटी की वसूली के लिए नोटिस जारी किए जाने की जानकारी सामने आ चुकी है।

फिलहाल ये आरोप शिकायतकर्ता कपूर राठी द्वारा लगाए गए हैं। मामले में प्रशासनिक जांच और चेयरपर्सन सरोज राठी का पक्ष सामने आना अभी बाकी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m