बहादुरगढ़ के नया गांव बाईपास पर देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है, जहां एक तेज रफ्तार कार काल बनकर आई और एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया। दिल्ली के नांगलोई से हिसार जा रहे इस परिवार की कार को सामने से डिवाइडर कूदकर आई एक गाड़ी ने इतनी जोरदार टक्कर मारी कि मौके पर ही चीख-पुकार मच गई। इस भीषण टक्कर में एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 5 महीने की गर्भवती बेटी समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
लापरवाही ने छीनी जिंदगी, अस्पताल में गूंजी चीखें
जानकारी के अनुसार, ग्वालियर निवासी रामावतार अपने परिवार के साथ दिल्ली के नांगलोई में रहते हैं। देर रात करीब 11:30 बजे वे अपनी अर्टिगा कार से फूलन देवी को छोड़ने हिसार के लिए रवाना हुए थे। कार में रामावतार, उनके दामाद वीरेंद्र, बेटी लक्ष्मी, फूलन देवी, शिवम और बेटा हर्षित सवार थे। जैसे ही उनकी कार नया गांव बाईपास के पास पहुंची, तभी सामने से आ रही एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार कार डिवाइडर को लांघती हुई सीधे उनकी अर्टिगा से जा टकराई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और कार में सवार लोग अंदर ही फंस गए। राहगीरों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और घायलों को संभाला। सभी को तुरंत शहर के नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने फूलन देवी को मृत घोषित कर दिया।
5 महीने की गर्भवती बेटी दिल्ली रेफर, परिवार में मातम
इस हादसे में रामावतार के सिर में गंभीर चोट आई है। वहीं, उनकी बेटी लक्ष्मी के शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें लगी हैं। लक्ष्मी 5 महीने की गर्भवती बताई जा रही है, जिसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए तुरंत दिल्ली के एक बड़े अस्पताल में रेफर कर दिया है। इसके अलावा वीरेंद्र और शिवम का इलाज भी अस्पताल में जारी है।
इस घटना के बाद से पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने मृतका फूलन देवी के शव को नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। पुलिस का कहना है कि परिजनों के बयान दर्ज करने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा और आरोपी गाड़ी चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
- मोतिहारी में डाक बम सेवा देख रहे युवक की चाकू मारकर हत्या, एक आरोपी गिरफ्तार
- बड़ी खबरः टल सकते हैं नगरीय निकाय चुनाव, जनगणना और परिसीमन के कारण 6 महीने देरी के आसार
- ‘कितनी भी सत्ता न मिल जाए, हम…’, पीएम मोदी ने सेवा यात्रियों से बातचीत की, दिया बड़ा संदेश
- दिल्ली में ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत, एलिवेटेड कॉरिडोर और 6 मेट्रो स्टेशनों पर MMI को मंजूरी
- शराबबंदी के बीच कई लीटर शराब जब्त, 53 हजार से अधिक छापेमारी और 67 महिलाओं की गिरफ्तारी


