बहादुरगढ़। Bahadurgarh Road Accident : हरियाणा के बहादुरगढ़ में शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बिजली विभाग में ठेके पर कार्यरत कर्मचारी की जान चली गई। यह हादसा नाहरा-नाहरी रोड स्थित रेलवे फ्लाईओवर पर उस समय हुआ, जब ड्यूटी पर जा रहे कर्मचारी की बाइक सामने से आ रही कार से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और दोनों चालक गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतक की पहचान 39 वर्षीय मनोज कुमार, निवासी खरखौदा (सोनीपत) के रूप में हुई है। वह बहादुरगढ़ में बिजली विभाग के लिए इम्पीरियल कंपनी के माध्यम से संविदा कर्मचारी के तौर पर कार्यरत थे। शनिवार देर रात वह अपनी मोटरसाइकिल से ड्यूटी के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान रेलवे फ्लाईओवर पर उनकी बाइक की एक कार से आमने-सामने टक्कर हो गई।
अस्पताल में तोड़ा दम
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। दोनों घायलों को इलाज के लिए बहादुरगढ़ के सामान्य अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने मनोज कुमार की हालत गंभीर देखते हुए उपचार शुरू किया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। वहीं कार चालक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए पीजीआई रोहतक रेफर किया गया है।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए आसपास के साक्ष्य और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


