​Automobile Desk – भारतीय टू-व्हीलर मार्केट में दबदबा बनाए रखने के लिए बजाज ऑटो (Bajaj Auto) एक बार फिर बड़ा दांव खेलने जा रही है। कंपनी आने वाली 12 अगस्त 2026 को अपनी पॉपुलर पल्सर सीरीज के नए अवतार से पर्दा हटाने वाली है। ऑटोमोबाइल सेक्टर में इस बात की चर्चा जोरों पर है कि यह नया मॉडल पल्सर N160, न्यू-जनरेशन पल्सर 150 या फिर 125cc सेगमेंट का कोई दमदार मॉडल हो सकता है।

​हाल ही में चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 (FY27) की पहली तिमाही के नतीजे पेश करते हुए बजाज ऑटो ने भारतीय बाजार के लिए अपनी आक्रामक रणनीति का खुलासा किया था। कंपनी ने स्पष्ट किया था कि वह आने वाले कुछ हफ्तों के भीतर करीब 10 नई मोटरसाइकिलें सड़कों पर उतारने की योजना बना रही है। इस नए प्रोडक्ट पोर्टफोलियो में 125cc और 150cc जैसे सबसे ज्यादा बिक्री वाले सेगमेंट पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। ऐसे में 12 अगस्त को होने वाला यह अनवीलिंग इवेंट बजाज के इस बड़े प्लान की पहली कड़ी माना जा रहा है।

स्पोर्टी लुक और मस्कुलर डिजाइन का तड़का

कंपनी के नए मॉडल को हाल के दिनों में टेस्टिंग के दौरान भारतीय सड़कों पर देखा गया है। लीक हुई तस्वीरों से संकेत मिलता है कि नई पल्सर को पहले से कहीं ज्यादा आक्रामक और स्पोर्टी एयरोडायनामिक डिजाइन दिया गया है। बाइक के फ्रंट में बड़ा काउल और मस्कुलर स्टाइल वाला फ्यूल टैंक नजर आ सकता है, जिसके दोनों तरफ नुकीले टैंक एक्सटेंशन दिए गए हैं। इसके अलावा, राइडर और पिलियन के आराम को ध्यान में रखते हुए सिंगल-पीस लंबी सीट और सीधी राइडिंग पोजीशन दी जा सकती है। स्पोर्टी अलॉय व्हील्स और साइड-स्ंग एग्जॉस्ट इसके विजुअल अपील को और बढ़ाएंगे।

डिजिटल टेक्नोलॉजी और स्मार्ट फीचर्स से लैस

बजाज अपनी इस नई पेशकश में यूथ को आकर्षित करने के लिए आधुनिक फीचर्स का भरपूर इस्तेमाल कर सकती है। उम्मीद की जा रही है कि नई बाइक में fully digital कंसोल मिलेगा। इसमें ब्लूटूथ कनेक्टिविटी, स्मार्टफोन पेयरिंग, कॉल और एसएमएस अलर्ट के साथ-साथ टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन जैसे फीचर्स शामिल किए जा सकते हैं। इस टेक अपडेट के जरिए बजाज TVS और Hero के प्रतिस्पर्धी मॉडल्स को सीधी टक्कर देने की तैयारी में है।

इंजन और परफॉर्मेंस में क्या होगा खास?

मैकेनिकल मोर्चे पर बात करें तो कंपनी मौजूदा भरोसेमंद इंजन सेटअप को ही नए ट्यूनिंग के साथ आगे बढ़ा सकती है। यदि यह मॉडल 125cc अवतार में आता है, तो इसमें 124.38cc का सिंगल-सिलेंडर एयर-कूल्ड इंजन मिलेगा, जो लगभग 11.8 PS की पावर और 10.8 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। वहीं, 150cc वेरिएंट में 149.5cc का इंजन देखने को मिल सकता है, जो 14 PS की पावर और 13.4 Nm का टॉर्क देने में सक्षम है। इन दोनों इंजनों में 5-स्पीड गियरबॉक्स और फ्यूल-इंजेक्‍शन (FI) टेक्नोलॉजी मिलना तय माना जा रहा है। 12 अगस्त को बजाज के आधिकारिक ऐलान के बाद ही इसके नाम और सटीक फीचर्स पर से पूरी तरह पर्दा उठ पाएगा।