कुंदन कुमार, पटना। बख्तियारपुर-पटना फोरलेन पर आज गुरुवार (22, अक्टूबर) को मजदूरों से भरी एक पिकअप हादसे का शिकार हो गई। घटना माधोपुर गांव के पास की है, जहां तेज रफ्तार पिकअप अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी सड़क पर पलट गई। इस हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि 12 से 13 मजदूर घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
पिकअप में सवार थे 20 से 25 मजदूर
मिली जानकारी के मुताबिक, पिकअप पर सवार सभी मजदूर मोकामा क्षेत्र के रहने वाले थे, जो रेलवे में किसी काम के सिलसिले में हाजीपुर जा रहे थे। हादसे के समय पिकअप में करीब 20 से 25 मजदूर सवार थे। इसी दौरान माधोपुर गांव के पास चालक गाड़ी पर नियंत्रण खो बैठा और पिकअप डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में कई मजदूरों को गंभीर चोटें आईं। वहीं, मृतक मजदूर की पहचान मल्लिक राय के रूप में हुई है।
एक की मौत, दो की हालत गंभीर
घटना के बाद बख्तियारपुर-पटना फोरलेन पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया। वहीं, हादसे की सूचना मिलते ही बख्तियारपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), बख्तियारपुर भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। घायलों में दो मजदूरों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर किया गया है।
तीन बार पलटी पिकअप
हादसे में घायल एक मजदूर ने बताया कि सभी लोग रेलवे में काम करने के लिए जा रहे थे। पिकअप के डाले में 20 से 25 मजदूर बैठे हुए थे। इसी दौरान अचानक गाड़ी अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर के बाद पिकअप सड़क पर करीब तीन बार पलटी, जिससे उसमें सवार मजदूर घायल हो गए। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है। वहीं, मृतक मजूदर के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
ये भी पढ़ें- Bhagalpur Double Murder: घर में सो रहे पति-पत्नी की गोली मारकर हत्या, एक संदिग्ध गिरफ्तार

