राकेश चतुर्वेदी, भोपाल/ बालाघाट। मध्य प्रदेश के बालाघाट में आवारा कुत्तों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। हाल ही में एक मासूम बच्चे पर हुए हमले का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह घटना इसराइल खान के घर की है, जहां खेल-खेल में छत से गिरी पतंग उठाने गया बालक कार के नीचे छिपे तीन आवारा कुत्तों का शिकार बन गया। बच्चे ने सूझबूझ और हिम्मत दिखाते हुए खुद को बचाया, लेकिन कुत्तों ने उसकी पीठ पर काट लिया। यह मार्मिक घटना शहर के हालात बयां करने के लिए काफी है। 

स्वास्थ्य विभाग के सीएमएचओ डॉ. शत्रुघ्न दहिया के अनुसार, अप्रैल में डॉग बाइट के 656 मामले आए थे जो अब बढ़कर हर महीने 800 तक पहुंच गए हैं। अक्सर शहर के हर चौराहे पर कुत्तों का झुंड आम है, जिससे पैदल चलने वालों और दोपहिया वाहन चालकों में लगातार भय का माहौल बना हुआ है। नगरपालिका न तो शेल्टर होम बना पाई है और न ही कुत्तों का सही तरीके से बधियाकरण हो रहा है, जबकि जवाब मांगने पर वह ‘डॉग लवर्स’ के विरोध का बहाना बनाकर जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लेती है। बढ़ते मामलों ने स्थानीय निकायों और प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो यह समस्या और विकराल रूप ले सकती है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m