विनोद सैनी, हिसार. हिसार के बालसमंद क्षेत्र की वर्षों पुरानी नहरी एवं पेयजल समस्या के समाधान की दिशा में बड़ी प्रगति हुई है। किशनगढ़ ब्रांच (KSB) से सिसवाला हेड तक प्रस्तावित लिंक नहर परियोजना का सर्वे कार्य शुरू हो गया है। उल्लेखनीय है कि 3 जून को चंडीगढ़ में सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी के समक्ष क्षेत्रीय प्रतिनिधिमंडल द्वारा मांग रखे जाने के मात्र 24 घंटे के भीतर 4 जून को हिसार सिंचाई विभाग के पास सर्वे के आदेश पहुंच गए थे।
3 जून को प्रतिनिधिमंडल ने सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी, ईआईसी चौहान एवं विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात कर किशनगढ़ ब्रांच को लाडवी के पास से सिसवाला हेड के माध्यम से बालसमंद क्षेत्र से जोड़ने की मांग प्रमुखता से रखी थी। प्रतिनिधिमंडल ने बताया था कि यह योजना स्वर्गीय चौधरी सुरेन्द्र सिंह के उस सपने से जुड़ी है, जिसके माध्यम से बालसमंद क्षेत्र को पर्याप्त नहरी पानी उपलब्ध कराया जाना था।
मंत्री श्रुति चौधरी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल सर्वे कराने के निर्देश दिए। इसके बाद 4 जून को ही हिसार सिंचाई विभाग को आधिकारिक आदेश प्राप्त हो गए और विभाग ने प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी।
आज सिंचाई विभाग की टीम, तकनीकी अधिकारियों तथा क्षेत्रीय प्रतिनिधियों की मौजूदगी में प्रस्तावित नहर मार्ग का निरीक्षण किया गया। सर्वे के दौरान नहर के संभावित रूट, भूमि की स्थिति, जल प्रवाह क्षमता तथा तकनीकी व्यवहार्यता का अध्ययन किया गया।
सिंचाई विभाग के कार्यकारी अभियंता (XEN) द्वारा जारी आदेशों के अनुसार एसडीओ हिसार-1 वीरेंद्र ढांडा, एसडीओ आदमपुर अक्षय छत्तर, जेई आनंद, जेई संदीप एवं जेई सचिन ने मौके पर पहुंचकर प्रस्तावित लिंक नहर के सर्वे एवं व्यवहार्यता परीक्षण कार्य का निरीक्षण किया। विभाग को 30 दिनों के भीतर विस्तृत व्यवहार्यता रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
यदि यह परियोजना साकार होती है तो बालसमंद, बुढ़ाक, डोभी, सुंडावास, बसड़ा, खारिया, सरसाना, रोहिल्ला सहित दर्जनों गांवों को नहरी पानी का लाभ मिलेगा तथा क्षेत्र की वर्षों पुरानी सिंचाई एवं पेयजल समस्या के समाधान का रास्ता खुलेगा।

प्रमुख रूप से उपस्थित रहे
कुरड़ा राम नंबरदार, वीरेंद्र पूनिया, अनिल लौरा, राजकुमार लौरा, तारिफ बसड़ा, मोहन सरसाना, परलहाद सुंडावास, चरण सिंह डोभी, सतबीर कसानिया, ईश्वर सुंडावास, राजेश सुंडावास, पारस लौरा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
मुख्य उपलब्धियां
- 3 जून को मंत्री श्रुति चौधरी से मिला प्रतिनिधिमंडल
- 4 जून को हिसार सिंचाई विभाग को सर्वे के आदेश प्राप्त
- किशनगढ़ ब्रांच–सिसवाला लिंक नहर का सर्वे शुरू
- विभागीय अधिकारियों ने मौके पर किया निरीक्षण
- 30 दिन में विस्तृत व्यवहार्यता रिपोर्ट तैयार होगी
- क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों में खुशी की लहर
- चौधरी सुरेन्द्र सिंह के सपने को मिली नई उम्मीद
“3 जून को मांग रखी गई, 4 जून को आदेश पहुंचे और अब सर्वे शुरू हो चुका है। यह बालसमंद क्षेत्र के संघर्ष और एकजुटता की बड़ी जीत है।”
— पारस लौरा
- हाथी की मौत का करंट कनेक्शन, 3 पर FIR; और नाम आ सकते हैं सामने
- मुजफ्फरपुर में शातिर चोर और गांजा तस्कर गिरोह का पर्दाफाश, मकान मालिक भी गिरफ्तार
- यादव समाज की मांग पूरी! मंत्री गजेंद्र यादव ने की घोषणा
- भाजपा, चुनाव आयोग, EVM और धांधली! अखिलेश यादव ने चुनावी प्रक्रिया को लेकर सरकार को घेरा, फर्जी वोटरों के आंकड़ें बताते हुए दिया बड़ा बयान
- रावी दरिया में बहा किसान पाकिस्तान सीमा में मिला मृत, पाकिस्तानी रेंजर्स ने BSF को सौंपा शव

