पानीपत। ‘वोट चोरी’ के खिलाफ दिल्ली में हो रहे प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे इसराना के पूर्व विधायक बलबीर बाल्मीकि को पुलिस ने रोक दिया। शुक्रवार को वे अपने साथियों के साथ गाड़ियों के काफिले में दिल्ली जा रहे थे। हल्दाना चौकी के पास पुलिस ने उनका रास्ता रोक लिया। इसके बाद पुलिस उन्हें उनके साथियों से अलग करके उनके घर ले गई।

इस दौरान डीएसपी सुरेश सैनी और इसराना थाना प्रभारी हरिराम समेत पुलिसकर्मी मौजूद रहे। पुलिस की इस कार्रवाई पर पूर्व विधायक ने सवाल उठाए। उन्होंने अधिकारियों से पूछा कि आखिर उन्हें दिल्ली जाने से क्यों रोका जा रहा है। हालांकि, उनके मुताबिक अधिकारियों की ओर से कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया गया।

बलबीर बाल्मीकि ने कहा कि अगर पुलिस को उनके काफिले में शामिल गाड़ियों की जांच करनी है तो वे इसके लिए तैयार हैं। लेकिन जांच के नाम पर उन्हें दिल्ली जाने से रोकना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि वे अपने साथियों के साथ शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे थे।

‘मैं खुद वोट चोरी का शिकार हुआ हूं’

पूर्व विधायक ने कहा कि वे खुद भी वोट चोरी का शिकार हुए हैं और चुनाव हार चुके हैं। उन्होंने लोकतंत्र में विरोध दर्ज कराने के अधिकार का मुद्दा उठाया। उनका कहना है कि हर व्यक्ति को अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने का अधिकार है।

बलबीर बाल्मीकि ने पुलिस की कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए कहा कि जब वे शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे थे, तो उन्हें रोकना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में असहमति जताने और विरोध करने के अधिकार का सम्मान किया जाना चाहिए।