रायपुर। मध्य भारत के अग्रणी कैंसर अस्पतालों में शामिल बालको मेडिकल सेंटर (बीएमसी) ने अपनी स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार करते हुए नवा रायपुर में दो बेड वाले समर्पित डायलिसिस यूनिट की शुरुआत की है। वेदांता मेडिकल रिसर्च फाउंडेशन (VMRF) की इकाई बीएमसी की इस पहल से नवा रायपुर, अभनपुर, धमतरी और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को घर के नजदीक गुणवत्तापूर्ण किडनी उपचार की सुविधा मिल सकेगी।
नई सुविधा का उद्घाटन धरसींवा विधायक, प्रसिद्ध छत्तीसगढ़ी अभिनेता और गायक पद्मश्री अनुज शर्मा ने किया। उन्होंने इसे क्षेत्र के लोगों तक विशेष स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

बता दें कि बीएमसी द्वारा शुरू की गई इस डायलिसिस यूनिट में हीमोडायलिसिस, एक्यूट डायलिसिस, क्रॉनिक और मेंटेनेंस डायलिसिस, रीनल न्यूट्रिशन काउंसलिंग तथा वैस्कुलर एक्सेस केयर जैसी सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इस यूनिट का नेतृत्व वरिष्ठ नेफ्रोलॉजिस्ट डॉ. प्रवाश कुमार चौधरी करेंगे, जिन्हें किडनी रोगों, डायलिसिस और किडनी प्रत्यारोपण देखभाल के क्षेत्र में एक दशक से अधिक का अनुभव है।
मरीजों को लंबी दूरी तय करने से मिलेगी राहत

अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, क्षेत्र में किडनी संबंधी बीमारियों के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। नवा रायपुर, अभनपुर, धमतरी और आसपास के लगभग 20 गांवों के मरीजों को डायलिसिस के लिए सप्ताह में कई बार लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। नई सुविधा शुरू होने से मरीजों को समय पर उपचार मिलने के साथ यात्रा में लगने वाला समय और खर्च भी कम होगा।
आयुष्मान भारत योजना के तहत भी मिलेगा लाभ

बालको मेडिकल सेंटर ने बताया कि यह डायलिसिस यूनिट आयुष्मान भारत समेत विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं से भी जुड़ी होगी। इसके माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर और पात्र मरीज निःशुल्क या बेहद रियायती दरों पर डायलिसिस उपचार प्राप्त कर सकेंगे।
गुणवत्तापूर्ण किडनी देखभाल को सुलभ बनाना लक्ष्य
इस अवसर पर वीएमआरएफ की मेडिकल डायरेक्टर डॉ. भावना सिरोही ने कहा कि किडनी संबंधी बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को नियमित डायलिसिस की आवश्यकता होती है। ऐसे में हर सत्र के लिए लंबी दूरी तय करना कई परिवारों के लिए आर्थिक और शारीरिक रूप से चुनौतीपूर्ण होता है। उन्होंने कहा कि नई डायलिसिस यूनिट का उद्देश्य क्षेत्र के मरीजों को उनके घर के नजदीक गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है, ताकि कोई भी मरीज दूरी या आर्थिक कारणों से उपचार से वंचित न रहे।
बालको मेडिकल सेंटर का मानना है कि यह पहल न केवल मरीजों और उनके परिवारों का बोझ कम करेगी, बल्कि नवा रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में किडनी रोगों के उपचार की उपलब्धता को भी मजबूत बनाएगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

