सत्या राजपूत, रायपुर/बलौदाबाजार। खरीफ सीजन के दौरान किसानों को गुणवत्तायुक्त उर्वरक उपलब्ध कराने और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देश पर गठित जिला स्तरीय उड़नदस्ता दल ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 48 बोरी अवैध उर्वरक जब्त कर एक दुकान को सील कर दिया। इसके अलावा विभिन्न अनियमितताओं के चलते तीन अन्य उर्वरक विक्रय केंद्रों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

narayana

नोडल अधिकारी एन.के. भारद्वाज ने बताया कि विकासखंड बलौदाबाजार के ग्राम कैलाशगढ़ स्थित अतुल ट्रेडर्स का औचक निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान विक्रय केंद्र में बिना पीओएस (POS) मशीन के अवैध रूप से 48 बोरी उर्वरक का भंडारण पाया गया। साथ ही दुकान में आवश्यक दस्तावेजों का उचित संधारण नहीं किया गया था और उपलब्ध स्टॉक एवं दर सूची भी प्रदर्शित नहीं की गई थी।

उड़नदस्ता दल ने इन अनियमितताओं को गंभीर मानते हुए मौके पर उपलब्ध 48 बोरी उर्वरक जब्त कर दुकान को सील कर दिया। साथ ही संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। अधिकारियों के अनुसार जवाब प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

लवन और पलारी के केंद्रों को भी नोटिस

उड़नदस्ता दल ने ग्राम लवन स्थित पांडे ट्रेडर्स और मेसर्स सुनील कुमार तिवारी के प्रतिष्ठानों का भी औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान दोनों केंद्रों में उपलब्ध स्टॉक और मूल्य सूची अद्यतन नहीं पाई गई। इस पर दोनों विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

वहीं विकासखंड पलारी में उर्वरक निरीक्षक सुचिन कुमार वर्मा द्वारा संचालित निरीक्षण अभियान के तहत कृषि सेवा केंद्र की जांच की गई। यहां उर्वरक की उपलब्ध स्टॉक सूची अद्यतन नहीं मिलने पर संचालक को नोटिस जारी किया गया।

इसके अलावा किसान सेवा केंद्र, पलारी में उर्वरक भंडारण और वितरण संबंधी अपूर्ण जानकारी विभाग को उपलब्ध कराने का मामला सामने आया। इस पर संबंधित संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है।

समिति प्रबंधक को दिए गए निर्देश

निरीक्षण के दौरान ग्राम ओड़ान स्थित प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति का भी निरीक्षण किया गया। जांच के बाद समिति प्रबंधक को शासन के निर्धारित नियमों के अनुरूप ही उर्वरक विक्रय करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसानों को निर्धारित दर पर गुणवत्तायुक्त उर्वरक उपलब्ध कराने और कालाबाजारी रोकने के लिए निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले विक्रेताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H