उत्तर प्रदेश के बांदा में अवैध पेड़ कटान रोकने पहुंची वन विभाग की टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया. घटना में वन दारोगा समेत सात लोगों के घायल होने की सूचना है और पुलिस ने दो नामजद सहित कई अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है.

बांदा. जिले में बुधवार रात अवैध पेड़ कटान रोकने पहुंची वन विभाग की टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया. शहर कोतवाली क्षेत्र के तिंदवारा गांव स्थित कुबेर का पुरवा में हुई इस घटना में वन दारोगा समेत सात लोग घायल हुए. वन विभाग की शिकायत पर पुलिस ने दो नामजद और कई अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

कटान रोकने पर विवाद

वन विभाग के कर्मचारियों को बुधवार रात सूचना मिली थी कि तिंदवारा गांव के कुबेर का पुरवा के पास कुछ लोग अवैध रूप से पेड़ काट रहे हैं. जानकारी मिलने पर रेंज स्टाफ और प्रवर्तन दल की टीम मौके पर पहुंची, जहां आम और महुआ के 10 पेड़ों की कटाई की जा रही थी.

वन विभाग की टीम ने जब इस गतिविधि को रोकने का प्रयास किया तो वहां मौजूद लोगों ने विरोध शुरू कर दिया. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और भीड़ ने कर्मचारियों के साथ मारपीट की.

वनकर्मियों से मारपीट

सचल दल प्रभारी वन दारोगा रामप्रताप ने गुरुवार देर शाम शहर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई. तहरीर के मुताबिक, भीड़ में शामिल लोकेंद्र राजपूत ने पहले गाली-गलौज की और विरोध करने पर अपने साथी नमो नारायण को आवाज देकर वनकर्मियों पर हमला करने के लिए उकसाया.

इसके बाद भीड़ ने टीम के सदस्यों के साथ मारपीट शुरू कर दी. वन सुरक्षा कर्मी रामदीन पाल की नाक पर चोट लगी, जिससे उनके नाक और मुंह से खून बहने लगा. तहरीर में वन दारोगा रामप्रताप, कमलेश कुमार सिंह, देवांशु, सुनील तथा वनकर्मी रामराज और युवराज के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है.

पुलिस ने दर्ज किया केस

हमले के दौरान डायल 112 पर सूचना दी गई. पुलिस सहायता की सूचना मिलने के बाद आरोपी मौके से भाग निकले. वन विभाग की टीम ने लकड़ी ढोने के लिए खड़े एक ट्रैक्टर को अपने कब्जे में लेकर रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज स्थित पुलिस चौकी में खड़ा करा दिया.

वन विभाग की सदर रेंजर आकांक्षा गुप्ता ने बताया कि घटना के समय कर्मचारी सिविल ड्रेस में थे. उनके अनुसार, हमले में एक वनकर्मी को चोट आई थी, जिनका उपचार कराया गया है, जबकि बाकी कर्मचारी सुरक्षित हैं. विभाग की ओर से पुलिस में मुकदमा दर्ज कराया गया है.

सीओ सिटी सौरभ सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. आरोपितों को जल्द गिरफ्तार करने की कार्रवाई की जाएगी.