चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के बंदगांव थाना में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की। थाना प्रभारी मनीष कुमार को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि एक मामले में मदद करने के नाम पर शिकायतकर्ता से रिश्वत की मांग की गई थी।
जानकारी के मुताबिक, एक व्यक्ति ने थाना प्रभारी पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाते हुए ACB में शिकायत की थी। शिकायत के सत्यापन के बाद आरोप सही पाए जाने पर ACB ने ट्रैप की योजना बनाई।
15 हजार लेते ही दबोचा
तय योजना के तहत शिकायतकर्ता रिश्वत की रकम लेकर थाना प्रभारी के पास पहुंचा। गुरुवार दोपहर करीब 1:30 बजे जैसे ही मनीष कुमार ने 15 हजार रुपये लिए, ACB की टीम ने उन्हें रंगेहाथ पकड़ लिया। टीम ने मौके से रिश्वत की रकम भी बरामद की है।
SP बोले- आरोप सही मिले तो होगी विभागीय कार्रवाई
पश्चिमी सिंहभूम के एसपी अमित रेणु ने बताया कि उन्हें ACB की कार्रवाई की जानकारी मिली है। मामले की जानकारी ली जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित पुलिस अधिकारी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी।फिलहाल ACB की ओर से आरोपी थाना प्रभारी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

