हेमंत शर्मा, इंदौर। देवी अहिल्याबाई होल्कर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर एक ऐसा विमान उतरा, जिसने पूरे दिन चर्चाओं का बाजार गर्म रखा। यह कोई सामान्य यात्री विमान नहीं, बल्कि बांग्लादेश एयरफोर्स का विमान था। खास बात यह रही कि यह विमान इंदौर एयरपोर्ट पर करीब 14 घंटे 36 मिनट तक खड़ा रहा। विमान के लंबे ठहराव और यात्रा के उद्देश्य को लेकर आधिकारिक स्तर पर स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आने से कई सवाल खड़े हो गए हैं।

कराची से इंदौर, फिर वाराणसी के लिए उड़ान

उपलब्ध फ्लाइट रिकॉर्ड के अनुसार बांग्लादेश एयरफोर्स का यह विमान 28 जुलाई की शाम करीब 5:24 बजे इंदौर पहुंचा। इसके बाद विमान पूरी रात एयरपोर्ट पर रुका रहा और 29 जुलाई की सुबह करीब 8 बजे यहां से उड़ान भरकर वाराणसी के लिए रवाना हो गया। बताया जा रहा है कि विमान का रूट मस्कट (ओमान) – कराची – इंदौर – वाराणसी – ढाका था।

14 घंटे तक क्या होता रहा?

एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार विमान के इंदौर में ठहराव के दौरान ईंधन भरने (री-फ्यूलिंग) के साथ आवश्यक ग्राउंड हैंडलिंग की सभी प्रक्रियाएं पूरी की गईं। हालांकि, विमान को इतने लंबे समय तक इंदौर में क्यों रोका गया, इस पर कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई।

यात्रा का उद्देश्य बना चर्चा का विषय

सबसे बड़ा सवाल यही है कि बांग्लादेश एयरफोर्स का यह विमान किस मिशन या उद्देश्य से यात्रा कर रहा था। विमान में कौन सवार था और इंदौर को ट्रांजिट प्वाइंट के रूप में क्यों चुना गया, इसे लेकर एयरपोर्ट प्रबंधन ने कोई विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की।

एयरपोर्ट प्रबंधन ने कहा नियमों के तहत रुखा था विमान

जब इस संबंध में एयरपोर्ट अधिकारियों से जानकारी मांगी गई तो उन्होंने यात्रा के उद्देश्य या विमान में मौजूद प्रतिनिधिमंडल के बारे में कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। अधिकारियों का केवल इतना कहना था कि विदेशी सैन्य या विशेष विमानों का संचालन निर्धारित प्रोटोकॉल और आवश्यक सरकारी अनुमति के तहत ही किया जाता है।

क्यों चर्चा में आया यह मामला?

इंदौर एयरपोर्ट पर विदेशी सैन्य विमान का घंटों तक खड़ा रहना सामान्य घटना नहीं मानी जाती। ऐसे में विमान के लंबे ठहराव और सीमित आधिकारिक जानकारी ने स्वाभाविक रूप से लोगों की जिज्ञासा बढ़ा दी है। हालांकि, अब तक ऐसा कोई आधिकारिक संकेत नहीं है कि इस उड़ान में किसी तरह की अनियमितता या सुरक्षा संबंधी समस्या थी।फिलहाल उपलब्ध जानकारी के अनुसार विमान ने निर्धारित प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद अपनी आगे की उड़ान भरी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m